अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र टांडा में पांच वर्ष पहले हुए अपहरण व दुष्कर्म के मामले में न्यायालय ने दोषी को 10 वर्ष की सजा सुनाई है। साथ ही 32 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है, जो पीड़िता को दिया जाएगा।
टांडा कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 28 जनवरी 2019 को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि सम्मनपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग भांजी 11 जनवरी 2019 को उनके घर आई थी। पड़ोस में रहने वाला युवक उनकी भांजी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं लगा तो आसपास पूछताछ की। इसमें युवक रामजनम के बारे में पता चला। युवक के घर जाकर भांजी के बारे में पूछा तो परिजनों ने गाली देकर भगाने के साथ ही जान से मार डालने की धमकी दी।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस से अपहरण व पाॅक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज लिया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रामजनम को गिरफ्तार कर किशोरी को ढूंढ लिया था। बाद में दुष्कर्म का मामला भी शामिल किया गया था। इस मामले की सुनाई करते हुए विशेष न्यायाधीश पाॅक्सो एक्ट मोहन कुमार ने आरोपी को 10 वर्ष की सजा और 32 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। इसकी अदायगी न करने पर चार माह अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी। वहीं राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के मझिगवां निवासी त्रिवेणी के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में न्यायालय एसीजेएम ने 1500 रुपये अर्थदंड और जेल में बिताई गई अवधि की सजा सुनाई। संवाद