जिला अस्पताल में बने वार्ड में कर्मचारियों से जानकारी लेते सीएमएस। संवाद
अंबेडकरनगर। दीपावली पर पटाखों से झुलसने और अन्य हादसों में घायल होने वालों को त्वरित उपचार मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के अस्पतालों में कुल 125 बेड आरक्षित किए गए हैं। साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी लगाकर सभी अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मेडिकल कॉलेज में 30 बेड, जिला अस्पताल में पांच बर्न और पांच इमरजेंसी बेड आरक्षित किए गए हैं। वहीं, जिले की सभी 18 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में पांच-पांच बेड की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति को देखते हुए अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर चिकित्सकों की सामान्य छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं।
जिला अस्पताल में सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ और हड्डी रोग विशेषज्ञ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ डॉक्टर ऑन कॉल उपलब्ध रहेंगे। सीएचसी पर अधीक्षक डॉक्टरों की ड्यूटी निर्धारित करेंगे।
पटाखों से झुलसने या हादसे में घायल होने वाले लोगों को पहले नजदीकी सीएचसी पर उपचार दिया जाएगा। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा। इसके लिए एंबुलेंस भी तैयार रखी गई हैं।
सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि अस्पतालों में जरूरी दवाओं और उपचार संबंधी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता है। दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी अस्पतालों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।