ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा उसका मौसेरा भाई घायल हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर घायल युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
जनपद प्रयागराज के थाना होलागढ़ क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी मोहम्मद रिजवान (20) अपने मौसेरे भाई अख्तर निवासी महेवा मोहनपुर थाना हथिगवां प्रतापगढ़ के साथ बाइक से कुंडा कोतवाली के शेखपुर गांव में अपने ननिहाल मोहम्मद शाहिद के घर गया था। मंगलवार की सुबह वह वहां से लौट रहा था। उसने बाइक एक बोरी गेंहू, कटहल और आम भी लादा था। बाघराय थाना क्षेत्र के भिटारा कमासिन रोड पर आई का पुरवा गांव के पास उसकी बाइक में ईट लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
इससे बाइक पर बैठे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर एंबुलेंस दोनों युवकों को इलाज के लिए सीएचसी बाघराय ले गई। अस्पताल में डाक्टरों ने मोहम्मद रिजवान को मृत घोषित कर दिया और मोहम्मद अख्तर को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर सूचना पर पहुंचे परिजन शव को देखते ही बिलख पड़े। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष बाघराय अखिलेश कुमार ने ट्रैक्टर और चालक को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।