पत्नी से मिलाने के बहाने बुलाकर किया कत्ल
पुलिस के मुताबिक, बृज कुमार की पत्नी की मां व अन्य परिजन महाराष्ट्र के पालघर में रहते हैं। वहीं आने जाने के दौरान ही उसकी मुलाकात कृष्णा से हुई और फिर दोनों संपर्क में आ गए। दोनों में करीबी बढ़ती गई और इससे बृजकुमार व उसकी पत्नी के रिश्ते बिगड़ने लगे। पता चलने पर बृजकुमार ने उसे समझाया, यहां तक कि फोन भी छीन लिया लेकिन वह नहीं मानी।
फोन के जरिए ही उसने नंबर मिलने पर कृष्णा को भी मना किया लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद ही उसने उसे रास्ते से हटाने की प्लानिंग की। पत्नी से मिलाने के बहाने बुलाकर उसे छिवकी से बाइक पर बैठाकर घूरपुर, भीटा पहाड़ी पर ले गया। जहां ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या करने के बाद शव पानी भरी खदान में फेंककर भाग निकला। इस हत्याकांड में उसके साथ उसका मामा सतीश पाठक निवासी जसरा, घूरपुर भी शामिल रहा।
मृतक का मोबाइल फोन व पहचान पत्र आरोपी के घर से बरामद हुआ है। सीडीआर व अन्य माध्यमों से की गई जांच में भी घटना में उसकी संलिप्तता की बात सामने आई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। - सौरभ दीक्षित, एसपी यमुनापार