योग दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को जगह-जगह योग शिविरों और गोष्ठियों का आयोजन किया गया। इसमें जुटे लोगों को योगासनों के साथ ही योग के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। भाजपा की ओर से मेजर रंजीत सिंह स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में हुए योग शिविर में योगगुरु डॉ.रमेश चंद्र पटेल ने कहा, योग मन और मस्तिष्क को एकाग्रता प्रदान करता है। आयोजक रतन खरे ने कहा, योग से शरीर स्वस्थ और निरोग होता है। मंगलवार को भी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में योग शिविर होगा।
मां भारती विद्या मंदिर स्कूल दारागंज में दुकानजी वेलफेयर सोसायटी की ओर से हुई गोष्ठी में शंख योग के बारे में बताया गया। राजेंद्र कुमार तिवारी दुकानजी ने कहा, शंख योग से हार्ट अटैक से बचाव संभव है। इससे हृदय मजबूत होने के साथ ही रक्त का संचार भी ठीक रहता है। आजाद कारवां की ओर से केंद्रीय पुस्तकालय के बाहर योग के महत्व पर हुई गोष्ठी में कबीर आजाद मिश्र ने विचार व्यक्त किये। भाजपाइयों ने सुभाष चौराहे से लेकर संगम तक जुलूस निकालकर सफाई अभियान चलाया। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा, संगम पर स्वच्छता होने से लोग आसानी से योग कर सकेंगे। रैली में शैलेंद्र मिश्र, रिंकू तिवारी, मनीष पांडेय, राहुल गोस्वामी, आकाश सोनकर, गोलू, निहाल, संजय, सचिन, डॉ.रामचंद्र शुक्ला आदि शामिल थे। मां माधुरी वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से शहर के कई मोहल्लों में जागरूकता अभियान चलाया गया।
योग की पाठशाला में साध्वी निरंजन, केशव
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को प्रयाग संगीत समिति में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से आयेाजित योग शिविर में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य भी शिरकत करेंगे। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ.बीबी अग्रवाल के मुताबिक योग दिवस पर नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, स्वास्थ्य मेला भी लगेगा। इसी क्रम में योग पर लिखी पुस्तक का विमोचन भी होगा। सहसंयोजक डा.एलएस ओझा के मुताबिक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को प्रयाग संगीत समिति के अतिरिक्त चंद्रशेखर आजाद पार्क, चिन्मय मिशन ट्रस्ट के योग शिविरों में शामिल होंगे। भाजपा नेता सुबोध सिंह के मुताबिक भारत स्काउट गाइड इंटर कालेज प्रांगण, सुशील मिश्र की ओर से मेजा में दो स्थानों पर योग शिविर होंगे।
स्वेदशी जागरण मंच की ओर से इविवि में संगोष्ठी
स्वदेशी जागरण मंच की ओर से महर्षि महेश योगी आश्रम अरैल, लोहापार्क अल्लापुर, गांधी भवन इविवि, श्रीराम पार्क गोविंदपुर में योग शिविर लगेंगे। मंच के संयोजक कैप्टन मुकेश के मुताबिक इविवि के गांधी भवन में ‘स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के लिए योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की भूमिका’ पर गोष्ठी भी होगी। योग शिविर केे बाद 24 से 26 जून तक राष्ट्रीय विचार वर्ग का आयोजन किया जाएगा।