योग गुरु व गंगा सेना के अध्यक्ष स्वामी आनंद गिरी का फेसबुक पेज हैक कर लिया गया। इसकी जानकारी होने पर शुक्रवार को उनकी ओर से एसपी क्राइम से मामले की शिकायत की गई। जिसके बाद साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्वामी आनंद गिरि अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी के शिष्य हैं। उन्होंने बताया कि वह ‘आनंदगिरयोग’ के नाम से फेसबुक पेज चलाते हैं, जिसके हजारों फॉलोवर हैं। उन्होंने बताया कि यह पेज उनकी फेसबुक आईडी से संबद्ध था। बृहस्पतिवार रात 10 बजे के करीब उनके पेज को साइबर अपराधियों ने किसी अन्य आईडी से संबद्ध कर लिया है।
जिसके बाद शुक्रवार को उन्होंने मामले की लिखित शिकायत एसपी क्राइम से पत्र भेजकर की। जिसमें आशंका जताई कि साइबर अपराधी उनके फेसबुक पेज का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। पुलिस अफसरों ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल से मामले की जांच कराई जा रही है।
कंगना रणौत को दिया था समर्थन
योग गुरु स्वामी आनंद गिरी का फेसबुक पेज हैक होने की घटना उनकी ओर से बॉलीवुड अदाकारा कंगना रणौत के समर्थन में किए गए पोस्ट के ठीक दो दिन बाद हुई। बता दें कि नौ सितंबर को योग गुरु की ओर से अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर कहा गया था कि ‘वह कंगना के साथ हैं। आज जिस नफरत की राजनीति ने नया जन्म मुंबई में लिया है, मैं उसके खिलाफ हूं। नेपोटिज्म का खत्म करने के लिए और कुछ खानदानों को आइना दिखाने के लिए कंगना ने जो कदम उठाया है, मैं उसके साथ हूं।’