प्रयागराज। बॉट माप विभाग खुल्दाबाद कार्यालय में शुक्रवार को खूब हंगामा हुआ। यहां इलेक्ट्रानिक कांटे में मोहर लगाने गए व्यापारियों से ज्यादा रकम वसूले जाने की शिकायत पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने संबंधित कर्मचारी को खूब खरी खोटी सुनाई। सरकारी रेट से ज्यादा वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने इसकी लिखित शिकायत जिलाधिकारी और सहायक नियंत्रण बाट माप विभाग को भेजी है।
बताया जा रहा है कि व्यापार मंडल के संगठन महामंत्री अनूप वर्मा चौक क्षेत्र के व्यापारियों को लेकर बाट माप विभाग के खुल्दाबाद कार्यालय पर मुहर लगवाने के लिए गए थे। आरोप है कि वहां एक कर्मचारी द्वारा मुहर लगाने की एवज में सरकारी रेट से ज्यादा की डिमांड की गई।
अनूप वर्मा का कहना है कि जब इसका विरोध किया गया तो संबंधित कर्मचारी ने उन्हें धक्का देते हुए कमरे में बंद कर दिया। फोन के माध्यम से इसकी जानकारी अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रमेश केसरवानी, मंडल प्रभारी सुशांत केसरवानी, संरक्षक राजीव कृष्ण श्रीवास्तव आदि को मिली तो वह मौके पर पहुंचे। वहां बाट माप विभाग के वरिष्ठ अफसरों से बात की गई। कहा गया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा कांटे पर मुहर लगाने की एवज में 300 से 500 रुपये की अलग डिमांड की जा रही है।
इस दौरान वरिष्ठ निरीक्षक राजकुमार मौके पर पहुंचे। व्यापार मंडल की ओर से संबंधित कर्मचारी की लिखित शिकायत की गई। जिलाध्यक्ष रमेश केसरवानी ने कहा कि संबंधित कर्मचारी को हटाने की मांग को लेकर एक पत्र जिलाधिकारी को भेजा गया है। कहा कि अगर कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो इसकी शिकायत मंडलायुक्त से की जाएगी।