क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बिजली की सुचारू आपूर्ति न होने के कारण ग्रामीणों और व्यापारियों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। कस्बे की निवासी उषा देवी ने बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में जल्द से जल्द सुधार नहीं लाया गया, तो कस्बे की महिलाएं एक मजबूत संगठन बनाकर विभाग की लापरवाही के खिलाफ मुख्य चौराहे पर उतरकर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार द्विवेदी ने भी विभागीय कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाया है। उन्होंने बताया कि कस्बे की लगभग तीन हजार से अधिक आबादी के बीच महज एक पुराना ट्रांसफाॅर्मर लगाया गया है, जिसमें आए दिन तकनीकी कमियां आती रहती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक महीने पहले जब मुख्य ट्रांसफाॅर्मर जल गया था, तो अभियंता आशीष कुमार ने उसकी जगह एक दूसरा पुराना और जर्जर ट्रांसफाॅर्मर लगवा दिया। जिससे बिजली व्यवस्था दयनीय हो गई है।
गर्मी के मौसम में अचानक लोड बढ़ जाता है और अत्यधिक तापमान होने के कारण तार गर्म होकर जल जा रहे हैं। यही वजह है कि पुराना ट्रांसफाॅर्मर और तार लोड नहीं संभाल पा रहे हैं। इस समस्या को जल्द ही दुरुस्त करवा दिया जाएगा। बाजार में उपयुक्त जगह की तलाश की जा रही है, जहां 25 केवी का एक और नया ट्रांसफाॅर्मर लगाया जा सके ताकि बिजली के लोड को बांटा जा सके और लोगों को राहत मिल सके। आशीष कुमार , अभियंता