इलाहाबाद। जनपद में डेंगू एक बार फिर हमलावर है। हर दिन इसका शिकंजा कसता जा रहा है। एक दिन पूर्व चार मरीजों में डेंगू के लक्षण पाए जाने के बाद महिला समेत पांच नए मरीज और सामने आए है। मरीजों को गंभीर हालत मेें एसआरएन, बेली व नाजरेथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएमओ डॉ. पद्माकर सिंह के निर्देश पर विभागीय टीम ने मरीजों के बारे में जानकारी ली है। मरीजों का एलाइजा टेस्ट कराया गया है। दूसरी ओर दो दिन के भीतर नौ मरीजों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। दूसरी ओर सीएमओ डॉ. पद्माकर सिंह का कहना है कि सभी मरीज मुंबई, दिल्ली व गुजरात से आए हैं। शहर में बीमारी का कोई खतरा नहीं है। शहरियों को घबड़ाने की जरूरत नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों के मुताबिक जिन मरीजों में डेंगू बीमारी के लक्षण पाए गए हैं उनमें उतरांव निवासी ज्ञानचंद्र (20 वर्ष ), मेजा निवासी शिवेंद्र पाल सिंह (25 वर्ष ), देवपुर निवासी अतुल मौर्या (21 वर्ष ), हंडिया निवासी दुर्गा देवी (36 वर्ष ) व साउथ मलाका निवासी राजेंद्र (22 वर्ष) शामिल है। राजेेंद्र, शिवेंद्र पाल सिंह व अतुल मौर्या को बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि ज्ञानचंद्र का एसआरएन और दुर्गा देवी का नाजरेथ अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
उल्लेखनीय पहलू यह भी है कि सभी मरीज मुंबई, दिल्ली व गुजरात से बीमारी लेकर आए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक दुर्गा देवी गुजरात से व राजेंद्र दिल्ली से आए हैं जबकि बाकी तीनों मरीज मुंबई से बीमारी के साथ आए हैं।
जिले में डेंगू से ग्रसित नौ मरीजों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से सारे एहतियाती कदम उठा लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए चेतावनी जारी की है। सीएमओ ने सभी सरकारी विभाग प्रमुखों और स्कूल प्रधानाचार्यों को पत्र लिख अपील की है कि तत्काल कूलर हटवा लिए जाएं और आसपास जहां पानी जमा है, उसमें केरोसिन या जला मोबिल डालें। हिदायत दी गई है कि किसी भी मरीज में लक्षण दिखें तो तत्काल मेडिकल कालेज में जांच कराएं। ताकि समय रहते इलाज कराया जाए।