दिल्ली में निजामुद्दीन की तब्लीगी जमात में शामिल होकर यहां आए सात इंडोनेशियाई समेत 11 लोगों में से सात की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि, चार की रिपोर्ट पर संशय बना है। इसके भी शुक्रवार तक आने की संभावना है। इनमें इंडोनेशियाई नागरिक भी शामिल हैं कि नहीं, इस पर स्वास्थ्य विभाग के अफसर स्पष्ट बोलने से बचते रहे। सीएमओ जीएस बाजपेई के मुताबिक 2 अप्रैल तक कुल 22 लोगों के भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 18 निगेटिव हैं।
बृहस्पतिवार को दिन भर तब्लीगी जमात में शामिल लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जाता रहा। शाम तक केजीएमयू ने जो आंकड़ा जारी किया, उसमें प्रयागराज के 18 लोगों के स्वाब नमूने की जांच के बाद रिपोर्ट निगेटिव बताई गई। इसमें बताया गया है कि प्रयागराज से अब तक कुल 22 नमूने जांच को भेजे गए थे। इसमें एक दिन पहले बुधवार को भेजे गए 11 मामले भी शामिल हैं। लखनऊ से रिपोर्ट आने के बाद भी संशय बना हुआ है। क्योंकि इसमें यह स्पष्ट नहीं है कि जिन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, विदेशी नागरिक शामिल हैं या नहीं।
बता दें कि मंगलवार रात शाहगंज के मुसाफिरखाने और काटजू रोड स्थित अब्दुल्लाह मस्जिद से इन लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस के साथ उठाया था। इनमें कुल नौ विदेशी थे, जिनमें सात इंडोनेशिया के रहने वाले थे। कुल 37 लोगों को प्रशासन ने क्वारंटाइन कर दिया था। केजीएमयू से मिली जानकारी के मुताबिक प्रयागराज से आए नमूनों में अभी तक कोई पॉजीटिव नहीं पाया गया। इसके बाद स्वास्थ्य महकमे में सीएमओ, नोडल आदि समेत सभी ने थोड़ी राहत की सांस ली है लेकिन, चार की रिपोर्ट पर संशय बने रहने से अफसरों की चिंता अभी खत्म नहीं हुई है।