प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
वसंत पंचमी पर संगम नगरी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को सुरक्षित मंजिल तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने इस बार तकनीक और तालमेल का अनूठा उदाहरण पेश किया। प्रयागराज जंक्शन के अत्याधुनिक कंट्रोल टावर से तीनों रेलवे जोन की लाइव निगरानी की गई।आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और स्पेशल ट्रेनों के संचालन से भीड़ प्रबंधन को सुगम बनाया। शुक्रवार को शहर के स्टेशनों से 25 स्पेशल चलाई गई। इसी के साथ मेला अवधि में पहली बार 600 स्पेशल ट्रेन चलाने का भी आंकड़ा पार हो गया।
शुक्रवार को स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव बढ़ते ही रेलवे का तकनीकी कवच सक्रिय हो गया। कंट्रोल रूम में लगे कैमरों के एआई सॉफ्टवेयर ने भीड़ का घनत्व बढ़ते ही अलर्ट मैसेज जारी किए। इस दौरान यात्रियों की गिनती कर उन्हें सुरक्षित प्लेटफाॅर्म पर भेजा गया। सभी स्टेशनों से ऑन डिमांड ट्रेनों का ही संचालन हुआ। प्रयाग और रामबाग एवं झूंसी स्टेशन से भी स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं।
एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे ने 17, उत्तर रेलवे ने तीन एवं पूर्वोत्तर रेलवे ने पांच स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया। इस दौरान पंडित दीन दयाल उपाध्याय रूट के लिए दो, कानपुर रूट के लिए छह, झांसी रूट के लिए चार, अयोध्या रूट के लिए तीन, वाराणसी रूट के लिए दो स्पेशल एनसीआर ने चलाई। सीपीआरओ ने बताया कि माघ मेला अवधि में अब तक 600 से ज्यादा स्पेशल ट्रेन चलाई जा चुकी है। अभी इस संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।