फरहीन पुत्री अब्दुल हमीद कालिंदीपुरम में अपने भाइयों व मां के साथ रहती थी। भाई सरवर आलम ने बताया कि सुलेमसराय निवासी अतीक कुरैशी ने 2017 में उसकी बहन से कोर्ट मैरिज की थी। लेकिन परिवारवालों की रजामंदी की बात न कहकर वह उसे अपने घर नहीं ले गया। तब से फरहीन मायके मेें ही रह रही थी। आरोप है कि 30 जून को उसे पता चला कि अतीक किसी और लडक़ी से निकाह कर रहा है जिस पर वह ससुराल पहुंची तो उसे मारपीट कर भगा दिया गया। इसके बाद शुक्रवार रात अतीक ने उसे अपने घर फैसला करने बुलाया।
फिर धोखे से पेट्रोल छिडक़कर जिंदा जला दिया। इसके बाद परिवार समेत भाग निकला। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची जिसके बाद उसकी बहन को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मृतका के पति अतीक, ससुर रफीक, सास नसरीन, पति के भाइयों सुहैल, शहबाज, आदिल व बहनों शबाना व अफसाना को दहेज हत्या के आरोप में नामजद किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पीड़िता बोली- मंगाया था पेट्रोल, घर छोड़ने का किया था वादा
वारदात के बाद अस्पताल ले जाते वक्त पीड़िता ने कैमरे के सामने बयान भी दिया। इसमें उसने बताया कि घटना में प्रयुक्त पेट्रोल आरोपी अतीक ने उससे ही मंगाया था। उसका कहना था कि घर बुलाते वक्त अतीक ने कहा था कि उसकी बाइक की टंकी खाली है, एक लीटर पेट्रोल लेकर आना, मैं तुम्हें घर छोड़ दूंगा। लेकिन वहां पहुंचने पर उसी पेट्रोल को छिडक़कर उसे जिंदा जला दिया।