prayagraj news : जिला पंचायत कार्यालय, प्रयागराज।
- फोटो : prayagraj
चुनाव पर नजदीक से नजर रखने वाले वरिष्ठ नेता ने बताया कि सदस्यों को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया है। उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का संरक्षण मिला हुआ है, ताकि उनके साथ जबरदस्ती न होने पाए। उनका कहना है कि सदस्यों को पंचायत भवन में प्रवेश कराने तक की रणनीति बनाई गई है। इसमें वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी तय करने के साथ अन्य प्रेशर ग्रुप की भी मदद ली जाएगी। ताकि, विपक्षी खेमे के साथ प्रशासन पर भी दबाव बनाया जा सके।
रेवती रमण, उज्जवल ने संभाली कमान, मतदान स्थल के बाहर रहेंगे मौजूद
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए सपा ने पूरी तैयारी की है। शुक्रवार को हुई अलग-अलग बैठकों में सदस्यों को बूथ तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई। मतदान से मतगणना तक की पूरी कमान पार्टी के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सदस्य रेवती रमण सिंह एवं उज्जवल रमण सिंह संभालेंगे। दोनों नेता शनिवार को पूरे दिन मतदान स्थल के पास रहेंगे।
रेवती रमण सिंह को मतदान स्थल पर बैठाकर पार्टी कई मोर्चे एकसाथ साधना चाहती है। सपा जिला पंचायत सदस्यों को संदेश देना चाहती है कि रेवती रमण ही इस चुनाव में अगुवाई कर रहे हैं। इसके अलावा सपा की ओर से सदस्यों तथा उनके परिजनों पर प्रशासनिक दबाव बनाए जाने की लगातार शिकायतें की जाती रही हैं। ऐसे में रेवती रमण को आगे करके पार्टी प्रशासन तथा पुलिस पर भी दबाव बनाना चाहती है। इसी रणनीति के तहत रेवती रमण सिंह किसी तरह की गड़बड़ी पर आंदोलन की चेतावनी भी दे चुके हैं।
prayagraj news : भाजपा प्रत्याशी डॉ. वीके सिंह और सपा प्रत्याशी मालती यादव।
- फोटो : prayagraj
पूर्व प्रदेश प्रवक्ता के निर्देशन में पार्टी की ओर से शुक्रवार को सदस्यों को एक बार फिर मतदान की प्रक्रिया समझाई गई। उन्हें बताया गया कि प्रत्याशी के नाम के सामने निर्धारित स्थल पर अंग्रेजी का एक लिखना है। यानी, खड़ी पाई खींचनी है। अन्यथा, मत अवैध हो जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पंचायत भवन के आसपास मौजूद रहेंगे। बैठक में जिला एवं महानगर अध्यक्ष के अलावा विधायक उज्जवल रमण सिंह, एमएलसी बासुदेव यादव, पूर्व सांसद एवं विधायक तथा अन्य नेता मौजूद रहे।
हाथरस के सदस्य को घेरने की कोशिश, सुरक्षा में भेजे गए
हाईकोर्ट आए हाथरस के जिला पंचायत सदस्य मनोज कुमार को शुक्रवार को घेरने की कोशिश की गई। हाईकोर्ट के पास उन्हें कुछ लोगों ने पकड़ लिया था। इससे आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना मिलने पर सपा नेता पहुंच गए। नेता सदस्य को पार्टी कार्यालय लेकर आए। उनके हस्तक्षेप के बाद जिला पंचायत सदस्य को पुलिस की सुरक्षा में हाथरस भेजा गया। एमएलसी डॉ. मान सिंह यादव, पूर्व सांसद नागेंद्र पटेल, तारिक सईद अज्जू आदि भी जिले की सीमा तक उन्हें छोड़ने के लिए गए।