धूमनगंज के रम्मन का पुरवा में एक दिन पहले पुलिस पर हमला करने वाले तीनों बदमाश जेल भेज दिए गए। रात भर चली पूछताछ के बाद भी पुलिस उनसे यह नहीं जान सकी कि वह किस पर हमला करने की नीयत से पहुंचे थे। हालांकि घटनास्थल के पास ही एक सफेदपोश का घर होने की वजह से आशंका है कि बदमाशों के निशने पर वह भी हो सकता है।
घटना रम्मन का पुरवा में एक दिन पहले हुई थी। यहां बाइक व बुलेट पर सवार होकर पांच बदमाशों ने पुलिस पर हमला बोल दिया था। फायरिंग के साथ ही बमबाजी भी की थी। जिसमें बम के छर्रे लगने से तीन दरोगा जख्मी भी हुए थे। पकड़े गए मो. शाकिर निवासी करेली, हिपजान निवासी करेली व हसन अली निवासी चकिया के पास से तीन तमंचे व भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि वह किसी की हत्या करने की नीयत से आए थे। गिरफ्तार कर तीनों को थाने ले जाया गया जहां रात भर पूछताछ हुई। हालांकि पुलिस उनसे यह राज नहीं उगलवा सकी कि वह किसे मारने वहां पहुंचे थे।
हालांकि सूत्रों की मानें तो जिस जगह पर बदमाशों के होने की खबर पर पुलिस पहुंची थी, वहां से कुछ ही मीटर की दूरी पर एक सफेदपोश भी रहता है। आपराधिक छवि वाले इस सफेदपोश का घर बमुश्किल 100 मीटर दूरी पर ही है। ऐसे में इस बात की भी आशंका है बदमाशों के निशाने पर कहीं सफेदपोश तो ही नहीं था। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया। धूमनगंज पुलिस का कहना है कि बदमाशों से जो भी जानकाीर मिली है , उसके आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है।
फरार बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम
उधर एसएसपी ने घटना के दौरान फरार हुए दो बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम घोष़ित कर दिया है। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ मेें बताया है कि मौके पर उनके साथ पल्सर बाइकसवार उनके दो और साथी मौजूद थे जिनका नाम कामरान व रिसाल है। सूत्रों की मानें तो पुलिस टीम पर बम से हमला उन्हीं दोनेां ने किया और इसके बाद मौका पाकर भाग निकले। धूमनगंज पुलिस का कहना है कि दोनों की तलाश की जा रही है।