कोरोना का टीका लगवाने जा रहे हैं तो टीकाकरण केंद्रों पर सतर्क रहने की जरूरत है। भीड़भाड़ होने और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की चूक से आपको दूसरा टीका लग सकता है। सोमवार को लोगों ने कोवाक्सिन का टीका लगवाने के लिए बुकिंग कराई. लेकिन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने कोविशील्ड का लगा दिया। स्वास्थ्य विभाग उनको अब दोबारा कोविशील्ड का ही टीका लगाने को बोल रहा है। उसका कहना है कि ऐसा मानवीय भूल से हुआ है। लोगों को चाहिए कि टीकाकरण सेंटर्स पर जाएं तो जिस टीके के लिए बुकिंग कराई है, उसी डेस्क पर जाएं और जो टीका बुक कराया है, उसे ही लगवाएं।
कोवैक्सीन
- फोटो : Self
एसीएमओ डॉ. तीरथ लाल ने बताया कि किसी ने अगर कोवाक्सिन टीका लगाने की बुकिंग की है तो वह टीकाकरण सेंटरों पर कोवाक्सिन का टीका लगाने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ता से जरूर बोल दें और जिसकी बुकिंग कोविशील्ड के लिए है तो वह कोविशील्ड का टीका लगवाएं। उन्होंने बताया कि कोविशील्ड की दूसरी डोज अब 12 हफ्ते बाद ही लगेगी, जबकि कोवाक्सिन की दूसरी डोज 28 दिनों के बाद लगाई जा रही है। टीकाकरण सेंटर पर कोवाक्सिन और कोविशील्ड के लिए अलग-अलग सत्र चलाए जा रहे हैं।
कोवैक्सीन
- फोटो : पीटीआई
उन्होंने कहा कि इस संबंध में मंगलवार को सभी टीकाकरण सेंटर के प्रभारियों को विशेष तौर पर निर्देशित कर दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी भी शिकायतें सामने आ रही हैं कि किसी ने पहली डोज कोवाक्सिन की लगवाई, जब दूसरी डोज लगवाने गए तो कोविशील्ड लग गया। ऐसे में दूसरी डोज का जो टीका लगा है, उसकी दूसरी डोज भी लगवा लें, ताकि एंटीबॉडी बनने में कोई दिक्कत न हो। टीका लगने के दौरान कार्ड भी ले लें और उस पर कौन सा टीका लगा है, उसे लिखवा लें। कई बार भीड़ की वजह से बुकिंग वाले टीके की बजाय कार्ड पर दूसरा टीका लिख जाने का खतरा बना रहता है। ऐसे में टीका लगवाने के लिए जाने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है। उधर, टीकाकरण के प्रभारी डॉ. आरएस ठाकुर ने बताया कि जहां-जहां भी टीका लग रहा है, उनके प्रभारियों को सतर्क कर दिया गया है। इस तरह की गड़बड़ियां न हों।
कॉल्विन में कोवाक्सिन की नहीं लगेगी पहली डोज
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. तीरथ लाल के मुताबिक बुधवार से कॉल्विन अस्पताल में कोवाक्सिन की पहली डोज नहीं लगाई जाएगी। शासन की ओर से इसके लिए निर्देश आया है। वहां कोवाक्सिन की दूसरी डोज लगेगी। पहली डोज लगवाने की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है।
prayagraj news : मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज स्थित वैक्सीनेशन सेंटर में टीका लगवाती महिला।
- फोटो : prayagraj
9364 को लगा कोरोना का टीका
जिले में मंगलवार को कुल 9364 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। टीके की प्रथम डोज 9226 लोगों की लगी जबकि दूसरी डोज 138 लोगों को लगाई गई। और दिनों की तरह मंगलवार को कोविशील्ड की डोज लोगों को ज्यादा लगी। टीकाकरण सोमवार की तरह मंगलवार को भी 39 सेंटर्स पर हुआ। चार सेंटर्स पर कोवैक्सिन का अतिरिक्त सत्र चला।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. तीरथलाल ने बताया कि मंगलवार को 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग वाले लोगों में कुल 6729 को टीका लगा जबकि 45 या उससे अधिक आयु वर्ग में 2835 ने टीका लगवाया। और दिनों की तरह मंगलवार को भी सबसे अधिक टीका मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में लगा। यहां कुल 691 लोगों ने टीका लगवाया। इसके अलावा डफरिन में 332, बेली में 350, कॉल्विन अस्पताल में 325 लोगों को टीका लगाया गया। हालांकि, सोमवार के मुकाबले मंगलवार को टीकाकरण केंद्रों पर ज्यादा भीड़ नहीं देखी गई। टीका लगवाने के लिए लोग सुबह से ही केंद्रों पर नजर आए और अपनी बारी से टीका लगवाया।