prayagraj news : दारागंज घाट पर आमतौर पर यह दृश्य देखने को नही मिलता, मंगलवार को घाट किनारे कई शवों को एक साथ अंतिम संस्कार करते दिखे लोग।
- फोटो : prayagraj
देखते ही देखते एक परिवार चार दिनों में तबाह हो गया। परिवार के दोनों चिराग अचानक बुझ गए। बड़े भाई को कोरोना ले गया तो छोटा भाई सदमे से चल बसा। परिवार में अब बड़े भाई की पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता रह गए हैं। बड़े भाई की मौत के बाद पत्नी ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है, पर दुर्भाग्य कि दुनिया में आने से पहले ही दोनों बच्चों ने अपने पिता को हमेशा के लिए खो दिया।
मूलत: महाराजगंज के रहने वाले प्रतियोगी छात्र इंद्र भूषण शुक्ला प्रयागराज के म्योरोबाद क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। कोरोना संक्रमण बढ़ा तो वह घर लौट गए, लेकिन इससे उनकी भर्ती परीक्षा की तैयारी प्रभावित होनी लगी। अप्रैल में वह प्रयागराज लौट आए और परीक्षा की तैयारी में जुट गए। पीसीएस, पीसीएस जे, एपीओ और एचजेएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं का कई बार साक्षात्कार दे चुके इंद्र भूषण को कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने म्यारोबाद स्थित घर में खुद को आइसोलेट कर दिया, लेकिन तबीयत लगातार बिगड़ती गई।