केपी ग्राउंड में महापौर के शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयार पंडाल आंधी पानी से तहस नहस हुए।
- फोटो : अमर उजाला।
शुक्रवार को सुबह आंधी के साथ हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इससे कई दिनों से चिलचिलाती धूप और गर्मी झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली। तेज बारिश के चलते सड़कों और गलियों में पानी भर गया। इससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लूकरगंज सहित कई स्थानों पर सड़कों पर बने छोटे गड्ढे बारिश के बाद और खतरनाक हो गए हैं।
कई दिनों से तेज धूप और गर्मी के चलते तापमान 45 से 46 तक पहुंच गया था। दो दिनों से बादलों की आवाजाही से मौसम में कुछ फेरबदल हुआ लेकिन राहत नहीं मिली। शुक्रवार को भोर में पांच से सात बजे के बीच तेज आंधी के साथ जमकर बारिश हुई। बादलों की तेज गर्जना से लोग सहमे रहे। मौसम में एकाएक आए बदलाव के चलते ज्येष्ठ माह में सावन का एहसास हो रहा है।
बारिश के चलते केपी कॉलेज में आयोजित प्रयागराज नगर निगम के महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में भी अव्यवस्था फैल गई। पंडाल आंधी के चलते तहसस नहस हो गए और मैदान में पानी भर गया। कर्मचारी उसे दुरुस्त करने में लगे रहे।
मौसम सुहावना होने से लोगों को राहत मिल गई, लेकिन बारिश ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। बिजली गिरने से कई लोगों के मौत की सूचना है। कौशांबी के सदर तहसील इलाके में नसरुल्लापुर में सुबह बिजली करने से एक किशोर की मौत हो गई। राजस्व निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।