नए साल की पूर्व संध्या पर बंगाल की खाड़ी से उठी तेज पुरवइया ने मौसम का मिजाज बिगाड़ दिया। आधी रात के बाद तेजी से छाए घने बादलों के चलते बृहस्पतिवार को पूरे दिन रिमझिम बरसात हुई। बारिश ने पिछले दो दिन से खिली धूप का मजा ही किरकिरा कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह से शाम साढ़े पांच बजे के बीच 33.4 मिली बारिश हुई। हाल फिलहाल में यह पहला मौका है, जब नए साल पर इतनी तेज बारिश हुई है। मौसम के बदले मिजाज के चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान का अंतर बेहद कम हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 13.2 और अधिकतम 15.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि आर्र्दता शत प्रतिशत दर्ज की गई। विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी घने कोहरे के साथ ही बारिश हो सकती है। नए साल के पहले ही दिन हुई झमाझम बारिश ने पिछले कई दिनों से मौजमस्ती की तैयारी में जुटे बच्चों, युवाओं का पूरा मजा ही किरकिरा कर दिया। सभी को उम्मीद थी कि दोपहर बाद मौसम सुधरेगा लेकिन पूरे दिन बरसात होती रही।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का बिगड़ा मिजाज ‘थर्मल इनवर्जन’ का नतीजा है। मौसम विज्ञानी एवं प्रो. एसएस ओझा के मुताबिक ‘थर्मल इनवर्जन’ होने से बंगाल की खाड़ी से उठने वाली नम पुरवइया और हिमालयी क्षेत्र से आने वाली ठंडी पछुवा के मिलने से मौसम बदला। बकौल प्रो. ओझा 22 दिसंबर से 14 जनवरी के बीच मौसम का संक्रमण काल होता है। नए साल के पहले ही दिन बारिश के चलते कई सरकारी कर्मचारी भी घरों में कैद रहे। तमाम सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों की उपस्थिति बेहद कम रही। तमाम ऐसे भी रहे, जो कार्यालय में हाजिरी लगाने के बाद धीरे से घर को निकल लिए। कई कार्यालयों में सन्नाटा सा पसरा रहा। कारोबारियों के लिए साल का पहला दिन बेहद खराब साबित हुआ। खासकर खानपान से जुडे़ कारोबारियों को उम्मीद थी कि साल के पहले दिन खूब कारोबार होगा लेकिन बारिश ने कारोबारियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।