उच्च शिक्षा निदेशालय अब बॉटनी और केमेस्ट्री विषय की वेटिंग लिस्ट जारी करने जा रहा है और इसके लिए क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों से रिक्त पदों का विवरण मांगा गया है। सूत्रों का कहना है कि रिक्त पदों का विवरण निदेशालय को उपलब्ध कराया जा चुका है और इसी हफ्ते ऑनलाइन काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक प्रो. बीएल शर्मा ने बताया कि जल्द ही इन दोनों विषयों की वेटिंग लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
नए आयोग के इंतजार में फंसी नई भर्ती
अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या-50 के तहत वेटिंग लिस्ट से भर्ती की प्रक्रिया अब भी जारी है, लेकिन विज्ञापन संख्या-51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 1017 पदों पर भर्ती फंसी हुई है। यह भर्ती नए शिक्षा सेवा चयन आयोग के गठन के इंतजार में अटकी हुई है। उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग इस भर्ती के लिए अगस्त-2022 में आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर चुका है। तकरीबन 1.14 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं, लेकिन भर्ती के लिए परीक्षा तिथि अब तक घोषित नहीं हुई है। नए आयोग को ही यह भर्ती प्रक्रिया पूरी करनी है।