शिक्षक एमएलसी चुनाव के मद्देनजर भाजपा की बैठक में मौजूद टीचर।
- फोटो : अमर उजाला।
तीन बार से विधायक शिक्षक संघ शर्मा गुट के प्रत्याशी सुरेश त्रिपाठी इस बार भी जीत का दावा कर रहे हैं। उन्हें संगठन एवं प्रयागराज के मतदाताओं पर भरोसा है लेकिन पूरे प्रदेश के शिक्षकों के बीच मजबूत दखल रखने वाले ओम प्रकाश शर्मा के निधन के बाद पहली बार हो रहे इस चुनाव में सुरेश त्रिपाठी के सामने पुरानी एकता को बनाए रखने की चुनौती है।
इस चुनाव में भाजपा ने पहली बार प्रत्याशी उतारा है। झांसी के बाबू लाल तिवारी की बुंदेलखंड के जिलों में अच्छी पकड़ की बात कही जा रही है। वहीं 16 हजार से अधिक मतदाताओं वाले प्रयागराज में उनकी दावेदारी बहुत हद तक पार्टी पर निर्भर करेगी।
इन समीकरणों के बीच सपा के नेता जातीय समीकरण को लेकर जीत के दावे कर रहे हैं। पार्टी उम्मीदवार डॉ.एसपी सिंह पटेल के समर्थक ओबीएस एवं मुस्लिम शिुक्षकों के साथ अनुसूचित जाति के मतदाताओं का भी साथ मिलने की बात कह रहे हैं, जिनकी संख्या 70 फीसदी से अधिक है। उनका कहना है कि बसपा ने उम्मीदवार नहीं उतारा है, जिसका फायदा मिलने का दावा कर रहे हैं। इसके अलावा इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी के डॉ.मान सिंह की जीत से भी उनमें उत्साह है। पार्टी की ओर से उसी फार्मूेले को इस चुनाव में भी अपनाया गया है।
मतदाता अब भी चुप
मतदान में अब सिर्फ एक दिन बचे हैं लेकिन मतदाता अब भी खामोशी तोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। वे खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। ऐसे में दावेदारों की चिंता और बढ़ गई है।
16 हजार अधिक मतदाता 36 बूथों पर देंगे वोट
एमएलसी चुनाव के लिए प्रयागराज में कुल 36 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 16 हजार से अधिक मतदाता वोट करेंगे। शहरी क्षेत्र में कुल 15 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं 21 ब्लॉक में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतगणना की प्रक्रिया झांसी में पूरी की जाएगी। ऐसे में मतदान के बाद बैलेट बॉक्स झांसी भेज दिए जाएंगे। एडीएम प्रशासन हर्षदेव पांडेय ने बताया कि मतदान की पूरी तैयारी की गई है। मतदान स्थल के 100 मीटर की परिधि में फोन,कार्डलेस फोन, वायरलेस आदि का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।
मतदाताओं को मिलेगी छुट्टी
एमएलसी चुनाव में मतदान करने के लिए शिक्षकों को सोमवार को आकस्मिक अवकाश मिलेगा। एडीएम प्रशासन ने बताया कि मतदाता सूची में शामिल शिक्षकों को ही आकस्मिक अवकाश मिलेगा। इस बाबत आदेश जारी कर दिया गया है।
ये हैं प्रत्याशी
बाबूलाल तिवारी, एसपी सिंह पटेल, अशोक कुमार राठौर, इमरान अहमद, उपेंद्र कुमार वर्मा, जगदीश प्रसाद व्यास, डॉ.प्रेम चंद्र यादव, लालमणि द्विवेदी, सुरेश कुमार त्रिपाठी, डॉ.हरिओम।