मदरहा गांव में जमीन के विवाद में रविवार सुबह घर के अंदर सो रहे ग्रामीण कोे चाकू से घायल कर दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। जहां रविवार शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हत्या से गांव में तनाव की स्थिति है।
मेजा थाना क्षेत्र के भसुंदर खुर्द के सूर्यबली गुप्ता (58) गांव में फेरी लगाकर कबाड़ खरीदते थे। दो साल पहले उन्होंने मदरहा गांव में घर बनवाया था।
मेजा इंस्पेक्टर नितेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि मदरहा गांव में इनका पड़ोस के कुछ लोगों से जमीन का विवाद चल रहा था। शनिवार रात सूर्यबली साइकिल से भसुंदर खुर्द से मदरहा गए थे। रविवार सुबह 22 वर्षीय छोटे बेटे रामचन्द्र ने फोन किया, लेकिन मोबाइल नहीं उठा।
थोड़ी देर बाद वह मदरहा गांव पहुंचा तो अंदर से दरवाजे में सिटकनी लगी थी। फिर वह पीछे की तरफ गया। देखा कि पीछे का दरवाजा भी अंदर से बंद था। इस दौरान ग्रामीणों की मदद से दरवाजे को तोड़ा गया। अंदर सूर्यबली खून से लथपथ पड़े थे।
उनके पेट और गर्दन पर चाकू से वार किया गया था। वह तत्काल घायल पिता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। रविवार शाम उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी होने पर मेजा एसीपी बृजेश पाठक मौके पर पहुंचे। मृतक सूर्यबली गुप्ता के दो बेटे चिंतामणि और रामचन्द्र हैं। पत्नी प्रेमा देवी का हाल बेहाल हो गया। पुलिस ने आरोपी अनूप केशरी निवासी मदरहा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने कहा कि घर के आगे और पीछे के दरवाजे पर अंदर से सिटकिनी लगी थी। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छत के रास्ते से बाहर निकले होंगे।
ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे को लेकर थी अदावत
मृतक सूर्यबली गुप्ता और पड़ोसी अनूप केशरी के बीच ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे को लेकर काफी दिनों से अदावत चल रही थी। दोनों में कई बार मारपीट भी हो चुकी थी। दो दिन पहले पंचायत भी हुई थी, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला था।
देर रात ढाई बजे तक भसुंदर खुर्द में देखे गए थे सूर्यबली
ग्रामीणों के मुताबिक, देर रात ढाई बजे तक सूर्यबली गुप्ता भसुंदर खुर्द गांव में घूमते दिखे थे। उसके बाद साइकिल से वह मदरहा वाले घर चले गए थे। उन्होंने बताया कि मदरहा गांव में बना घर आधा-अधूरा है। पुलिस शक के आधार पर कई लोगों को पूछताछ कर रही है। आरोपी अनूप केशरी गांव में ही किराना और चाट की दुकान चलाता है। आरोपी छह भाइयों में सबसे छोटा है।
रामचन्द्र गुप्ता की तहरीर पर आरोपी अनूप केशरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। -बृजेश पाठक, एसीपी मेजा