कार टकराने के विवाद में पुलिसकर्मियों से की गई थी धक्कामुक्की
कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रलोक चौराहे के पास शुक्रवार रात उस समय हंगामा हो गया जब कार टकराने पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। मामला इतना बढ़ा कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की शुरू कर दी गई थी। कोतवाली, मुट्ठीगंज समेत छह थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह से मामला शांत कराया।
चंद्रलोक चौराहे के पास शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक कार दूसरी कार से टकरा गई थी। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया था। इसी बीच डायल 112 के दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, जिस पर एक कार में सवार लोगों ने एक पुलिसकर्मी से अभद्रता शुरू कर दी थी।
बहादुरगंज चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे तो उनसे भी धक्कामुक्की की गई। देखते ही देखते सैकड़ो लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कोतवाली, खुल्दाबाद, करेली, अतरसुया, मुट्ठीगंज समेत छह थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इस पूरे हंगामे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कुछ लोग पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की करते दिख रहे हैं। हालांकि अमर उजाला ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, एसीपी कोतवाली रवि गुप्ता ने बताया कि पुलिसकर्मियों से अभद्रता की गई है। मामले में एक को पकड़ कर पूछताछ की जा रही है, जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।