प्रवेश द्वार, पांटून पुल और नौकाओं का भी होगा सप्तांक अलंकरण
मेले के सात सेक्टर में स्थापित सात प्रवेश द्वार सात अलग रंगों के होंगे। सभी सात पांटून पुलों को सात ऊर्जा चक्रों के इंद्रधनुषी रंगों से अलंकृत किए जाने का प्रस्ताव है। हर पांटून पुल पर संरचनात्मक सुरक्षा का ध्यान रखते हुए कैनोपी का निर्माण होगा। चारों ओर से साफ दिखने के कारण यह कैनोपी पुलों को अति आकर्षक बनाएगी।
पांटून पुलों पर स्थित लाइट के खंभों पर एलईडी में धार्मिक चिह्न के साथ पुलों के रंगों के अनुसार झंडे लगाए जाएंगे। संगम की नावें भी इस नई सोच से सराबोर नजर आएंगी। नौकाओं पर सात रंगों की छतरियां लगेंगी। ये छतरियां बैटरी से चलने वाली एलईडी लाइट से युक्त होंगी। इन छतरियों पर मेले की ब्रांडिंग की जाएगी। इसके अलावा पहली बार घाटों के किनारे चेंजिंग रूम पर भी कलर कोड दिखेगा। संगम के जल में फव्वारे भी स्थापित होंगे जिन्हें सतरंगी रोशनी से सुसज्जित किया जाएगा।