Victim's statement recorded in MP Atul Rai's case
सांसद अतुल राय पर दुष्कर्म मामले में पीड़िता का बयान दर्ज
नौ जनवरी को होगी मुकदमे की अगली सुनवाई
प्रयागराज। घोसी सांसद अतुल राय पर चल रहे दुष्कर्म के मामले में सोमवार को स्पेशल कोर्ट एमपीएमएलए में पीड़िता का बयान दर्ज किया गया। कोर्ट ने जिरह के लिए नौ जनवरी को अगली तारीख नियत की है। सुनवाई के दौरान अतुल राय को नैनी जेल से ले आकर कोर्ट में पेश किया गया ।
घटना सात जनवरी 2018 की वाराणसी के लंका थाने की है। आरोप है कि घोसी के सांसद अतुल राय ने पीड़िता को अपनी पत्नी से मिलवाने के बहाने अपने फ्लैट पर बुलाया और दुष्कर्म किया। मोबाइल के जरिये छल किया और अश्लील वीडियो भी बनाया। सोमवार को मामले की सुनवाई स्पेशल जज डॉ. बालमुकुंद ने की। पीड़िता को कोर्ट में पेश किया गया। अभियोजन ने पीड़िता का मुख्य बयान कराया और जिरह के लिए कोर्ट ने नौ जनवरी की तारीख नियत की है।
बचाव पक्ष की ओर से पत्रावली में मौजूद सीडी की प्रति दिलाए जाने के बाद ही पीड़िता की गवाही कराने की मांग की गई, जिसे सुनवाई के बाद कोर्ट ने नामंजूर कर दिया और अभियोजन को पीड़िता का बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया था। प्रकरण में अभियोजन की ओर से विशेष अधिवक्ता वीरेन्द्र सिंह गोपाल, एडीजीसी राजेश गुप्ता, एसपीओ श्यामधर द्विवेदी, जय गोविंद उपाध्याय और पीड़िता के अधिवक्ता प्रमोद सिंह नीरज ने पत्र रखा।