फास्टैग के बाद भी रोके जा रहे वाहन
नेटवर्क की खराबी से कोखराज टोल में वाहनों पर चढ़कर हैंडमशीन से कर रहे स्कैन
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारी। नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर बिना रुके गाड़ियों का आवागमन हो सके, इसके लिए सरकार के निर्देश पर वाहनों में फास्टैग लगवाया जा रहा है। कौशाम्बी के कोखराज टोल प्लॉजा में फास्टैग के बाद भी वाहन रोक दिए जा रहे हैं। इसके पीछे नेटवर्क की समस्या बताई जा रही है। नेटवर्क खराब होने के कारण अक्सर रनिंग स्कैनर काम नहीं करता है। ऐसे में कर्मचारी वाहनों पर चढ़कर हैंड मशीन से स्कैन करते हैं।
टोल प्लाजा पर जाम के कारण वक्त की बर्बादी रोकने के लिए सरकार ने वाहनों पर फास्टैग लगाने की व्यवस्था की है। जिन वाहनों पर फास्टैग नहीं लगा होगा उनसे दो गुना टैक्स वसूलने का निर्देश है। इसके लिए अंतिम तिथि एक दिसंबर की गई थी, लेकिन अभी तक देशभर में सिर्फ दस फीसदी वाहनों में ही फास्टैग लगने के कारण 29 नवंबर को सरकार ने वक्त बढ़ाकर 15 दिसंबर कर दिया है। शनिवार को कोखराज स्थित जिले के एक मात्र टोल प्लाजा पर फास्टैग लगे अधिकतर वाहनों को रुकना पड़ रहा था। टोल प्लाजा के मैनेजर जेपी चतुर्वेदी ने बताया कि कौशाम्बी में नेटवर्क की खराबी के कारण रनिंग स्कैनर काम नहीं करता है। इसके चलते फाटक बंद रहता है। ऐसे में वाहनों पर चढ़कर कर्मचारी हैंड मशीन से स्कैन करते हैं।
-------------------
फास्टैग लगे वाहनों के आवागमन को टोल पर बने पांच-पांच लेन
भरवारी। टोल प्लाजा मैनेजर ने बताया कि कोखराज टोल प्लाजा पर अप और डाउन के लिए छह-छह लाइन बनी हुई हैं। इनमें से पांच लेन में फास्टैग लगा हुआ है। एक लाइन बिना फास्टैग गाड़ियों के लिए बनाया गया है। बिना फास्टैग लगे वाहनों से दोगुना चार्ज लेकर ही टोल प्लाजा से आगे जाने दिया जाएगा।
---------
टोल प्लाजा पर ही लगाए जा रहे फास्टैग
भरवारी। टोल प्लाजा के मैनेजर ने बताया कि फास्टैग के लिए सरकार की ओर से एचडीएफसी, आईडीएफसी, एसबीआई एक्सिस, आईसीआईसीआई आदि बैंकों के साथ ही एयरटेल कंपनी को अधिकृत किया गया है। विभिन्न बैंक और कंपनियों के कर्मचारी कोखराज टोल प्लॉजा पर बूथ लगाकर वाहनों में फास्टैग लगा रहे हैं।
----------
फास्टैग के लिए साथ लाएं यह पेपर
भरवारी। फास्टैग लगवाने के लिए वाहन की आरसी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और वाहन स्वामी के दो फोटो की आवश्यकता पड़ती है।
---------
इनका कहना है
कोखराज टोल प्लॉजा पर नेटवर्क की खराबी के कारण कुछ समस्याएं आ रही हैं। इसके चलते वाहनों को रोककर हैंड मशीन से फास्टैग स्कैन कराना पड़ता है। हफ्तेभर के अंदर दिक्कतें दूर कर ली जाएंगी। इसके बाद बिना रुके फास्टैग लगे वाहन फर्राटा भर सकेंगे।
जीपी चतुर्वेदी-जेपी चतुर्वेदी