चुनाव आचार संहिता का पालन कराने और शांति-व्यवस्था के लिए जनपद में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को दिन में पुलिस ने शहर और देहात के सभी इलाकों में होर्डिंग, बैनर, पोस्टर हटाने के साथ ही गाड़ियों की चेकिंग की। गाड़ियों से भी पोस्टर, काली फिल्म, हूटर हटाए गए। पुलिस ने चुनाव के दौरान दूसरे राज्य से अपराधियों के आने की आशंका के मद्देनजर मध्य प्रदेश की सीमा पर बैरियर लगाकर वाहनों की सघन तलाशी भी शुरू कर दी है।
शहर में सभी थानों में पुलिस ने दोपहर में चेकिंग शुरू की। धूमनगंज में सीओ डीपी तिवारी ने थानाप्रभारी बचन सिंह सिरोही के साथ नाका लगाकर चेकिंग के दौरान करीब दो दर्जन गाड़ियों से पोस्टर और राजनीतिक दलों के झंडे हटाए। तीन गाड़ियों से नीली बत्ती भी हटाई गई। इस दौरान चार वाहनों को सीज किया गया। उधर, शाहगंज में पुलिस ने चेकिंग के दौरान 20 से ज्यादा वाहनों से झंडियां और पोस्टर हटाए। ब्लाक प्रमुख उरूवा की स्कार्पियो से भी झंडी हटाई। शहर के बाकी इलाकों में भी पुलिस ने बैनर, पोस्टर हटाने के साथ ही वाहनों की चेकिंग शाम तक की। उधर, शंकरगढ़ पुलिस ने दोपहर में नारीबारी के आगे मध्य प्रदेश की सीमा पर बैरियर लगाकर वाहनों की तलाशी शुरू कर दी।