सब्जियों की आवक घटने से दाम आसमान छू रहे हैं। परवल 100 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक हो गई है। थोक मंडी से फुटकर में सब्जियां दोगुने दाम पर बेची जा रही हैं। प्याज और आलू की कीमतें करीब डेढ़ गुना बढ़ गई हैं।
शहर की थोक मंडी मुंडेरा में दिल्ली, हरियाणा और नासिक से सब्जियों की आवक कम हुई है। नासिक से प्रतिदिन पांच ट्रक प्याज आ रहा है। कौशाम्बी और ग्रामीण अंचल से आने वाली हरी सब्जियां खेतों में पानी भरने से डूब गई हैं। फसल खराब होने का सीधा असर महंगाई के रूप में दिख रहा है। स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, अगस्त की तुलना में सितंबर में सब्जियों के दाम तेजी से बढ़े हैं।
फुटकर में मोहल्लों में प्याज 60 से 80 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है। थोक में इसकी कीमत 40 से 50 रुपये प्रतिकिलो है। आलू फुटकर में 18 से 20 रुपये और थोक में 10 से 15 रुपये प्रतिकिलो है। मुंडेरा मंडी समिति के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा ने केंद्र सरकार से प्रतिदिन दस ट्रक प्याज भेजने की मांग की है।