फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वंदे भारत एक्सप्रेस में कूलिंग न होने से भड़के यात्री

विज्ञापन
Vande Bharat Express
विज्ञापन
एसी चेयर कार के चार कोच में थी समस्या, घंटे भर जंक्शन पर खड़ी रही ट्रेन
विज्ञापन

ट्रेन आगमन के दस मिनट पूर्व ही मिली थी तकनीकी खामी की सूचना
प्रयागराज। देश में निर्मित पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत पथराव की हालिया घटनाओं के बाद रविवार को फिर चर्चा में रही। इलाहाबाद जंक्शन पर एसी चेयर कार में कूलिंग न होनेे की शिकायत को लेकर इसके यात्रियों ने हंगामा कर दिया। प्लेटफार्म नंबर छह पर ट्रेन के सी-11 से लेकर सी-14 कोच में बैठे तमाम यात्री बाहर निकल आए और खूब शोरशराबा किया। यात्री अड़ गए कि जब तक कूलिंग ठीक नहीं होगी तब तक ट्रेन को आगे बढ़ने नहीं दिया जाएगा। सूचना पाकर मौके पर एडीआरएम समेत तमाम अफसर पहुंच गए। इस दौरान घंटे भर तक ट्रेन जंक्शन पर ही खड़ी रही। बाद में तकनीकी खामी दूर करने के बाद ही ट्रेन जंक्शन से रवाना हो सकी।
वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस का इलाहाबाद जंक्शन आने का समय शाम 4.35 बजे है। रविवार को वाराणसी से चलने के बाद ट्रेन 16 मिनट की देरी से शाम 4.51 बजे यहां पहुंची। ट्रेन के रुकते ही प्लेटफार्म नंबर छह पर उसके तमाम यात्री उतर गए। यात्रियों का कहना था कि ट्रेन में वाराणसी से ही कूलिंग नहीं हो रही। सी-11 से सी-14 तक कुल चार कोच में कूलिंग न होने की शिकायत को लेकर यात्री खासे नाराज भी रहे। वंदे भारत का मामला होने की वजह से मौके पर एडीआरएम अनुराग गुप्ता समेत तमाम वरिष्ठ अफसर पहुंच गए। हालांकि अफसरों को यह सूचना दस मिनट पूर्व ही मिली थी। जंक्शन पहुंचे अफसरों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन, यात्री अड़ गए कि जब तक कोच में कूलिंग ठीक नहीं होगी, वे उसमें सफर नहीं करेंगे। यात्रियों का कहना था कि कूलिंग न होने की वजह से गर्मी के मारे उनका हाल बेहाल रहा। इस बीच ट्रेन में मौजूद वंदे भारत के तकनीकी स्टाफ ने कोच की डिवाइस में आई गड़बड़ी ठीक कर ली। बताया जा रहा है कि डिवाइस में गड़बड़ी की वजह से कूलिंग प्रभावित हुई थी। यात्रियों से कहा गया कि ट्रेन चलने के बाद कूलिंग ठीक हो जाएगी। कुछ यात्री तैयार भी हुए। फिर भी कुछ ऐसे यात्री रहे जो बैठने को तैयार नहीं थे। बाद में सीनियर डीसीएम नवीन दीक्षित खुद ट्रेन में सवार हुए और कानपुर तक जाने की बात उन्होंने की। इसके बाद ही यात्री वंदे भारत में सवार हुए। इस आपाधापी में ट्रेन शाम 5.53 बजे जंक्शन से रवाना हो सकी।
विज्ञापन

‘ ट्रेन आगमन के महज दस मिनट पूर्व ही कूलिंग न होने की शिकायत मिली। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अफसर जंक्शन पहुंच गए। जो खामी थी उसे तकनीकी स्टाफ ने जल्द से जल्द दूर करने का प्रयास किया। कूलिंग स्तर को सामान्य बनाने के लिए ट्रेन को 30 मिनट रोका गया। इसके बाद ट्रेन रवाना हुई। सीनियर डीसीएम कानपुर तक और डीएमई नई दिल्ली तक इससे रवाना हुए।’
विज्ञापन

अजीत कुमार सिंह, सीपीआरओ, एनसीआर
उत्तर रेलवे करता है वंदे भारत का रखरखाव
वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन उत्तर मध्य रेलवे में भले ही होता हो लेकिन इस ट्रेन का रखरखाव उत्तर रेलवे द्वारा दिल्ली में किया जाता है। दिल्ली से चलने के बाद गाजियाबाद के आगे छिपियाना बुजुर्ग से ट्रेन एनसीआर के ट्रैक पर इलाहाबाद जंक्शन तक दौड़ती है। जंक्शन के बाद ट्रेन वाराणसी जाती है। वाराणसी भी उत्तर रेलवे के ही अधीन है। ट्रेन में तकनीकी स्टाफ भी उत्तर रेलवे का ही चलता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें