शंकरगढ़ के स्कूल की वैन पलटने से घायल छात्रा।
- फोटो : अमर उजाला।
शंकरगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित एक विद्यालय की स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। वैन में बैठे स्कूली बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल बच्चों का आरोप है कि चालक नशे में था और लापरवाही के साथ काफी तेज गाड़ी चला रहा था। जिसके कारण हादसा हुआ है।
नगर पंचायत अंतर्गत सनचलि एक निजी विद्यालय की स्कूल वैन सुबह बच्चों को लेकर मध्य प्रदेश के जनेह थाना अंतर्गत गोंद कला से चली और पटहट गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। वैन में सवार कक्षा आठ की छात्रा प्रतीक्षा तिवारी (14) पुत्री प्रदीप तिवारी निवासी खटखरी, कक्षा नौ के छात्र प्रशांत मिश्रा (15) पुत्र आशीष मिश्र, छोटा भाई विराट मिश्र (12) कक्षा छह निवासी पथरीगढ़, निधी पांडेय पुत्री भीम पांडेय (14) कक्षा आठ, भाई नमन पांडेय (17) कक्षा सात, शिवा पांडेय पुत्र पिंटू पांंडेय (14) साहस ठाकुरिया (16) कक्षा 10, ओम सिंह पुत्र महेश सिंह निवासी गोंद कला थाना जनेह रीवा, मध्य प्रदेश घायल हो गए।
घायलों का इलाज शंकरगढ़ के अलग अलग निजी अस्पताल में चल रहा है। प्रतीक्षा तिवारी के सिर में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा ओम सिंह का दाहिना हाथ टूट गया है, जो नगर के अन्य अस्पताल में भर्ती हैं। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। घायल बच्चों ने आरोप लगाया कि वैन चालक लापरवाही पूर्वक और तेज गति से गाड़ी चला रहा था। इसके कारण वैन असंतुलित होकर पटरी पर उतर गई।
मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल वैन में गैस किट भी लगी थी। गनीमत रही कि वह फटी नहीं, यदि गैस किट फट जाती तो बड़ा धमाका होता, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। थाना प्रभारी यशपाल सिंह ने बताया कि घटनास्थल मध्य प्रदेश के थाना जानेह अंतर्गत पड़ता है, जो हमारे कार्य क्षेत्र के बाहर है। थाना क्षेत्र में एक अभियान चलाया जाएगा जिसपर ऐसे गैस किट लगाकर चल रहे स्कूल वाहनों पर विशेष कार्रवाई की जाएगी।