घूरपुर क्षेत्र में एक वर्ष से किशोरी को कैद कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन मामले में घूरपुर पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।घटना को लेकर किशोरी के गांव में आक्रोश है।
बता दें कि क्षेत्र की चौदह वर्षीय किशोरी और उसके छोटे भाई को रोजगार दिलाने के नाम पर एक वर्ष पूर्व पड़ोसी गांव उभारी निवासी आलम अपने साथ ले गया। दोनों से एक होटल में काम करवाने लगा। कुछ दिनों बाद किशोरी को अपने घर पर रख लिया जहां उसे अमानवीय यातनाएं दी जातीं। दो दिन पूर्व किशोरी भागकर अपने गांव पहुंची और लोगों से बताया कि उसके साथ कई लोग मिलकर काफी दिनों से दुराचार कर रहे हैं।
पीड़िता ने बताया कि जब वह बेहोश हो जाती तो उसे नशीला पदार्थ पिला देते थे और कोई इंजेक्शन लगाकर हैवानियत करते थे। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया। जानकारी विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य संगठनों को हुई तो पीड़िता को लेकर घूरपुर थाने पहुंचे। थाने में पीड़िता के रिश्तेदार की शिकायत पर आलम, मुमताज आलम, आतिफ सहित पांच अज्ञात के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और धर्मांतरण सहित कई संगीन धाराओं में घूरपुर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुख्य आरोपी आलम और उसकी पत्नी रहनुमा बानो व मुमताज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।