कुल 20 विषयों में प्रवक्ता के पदों पर भर्ती होनी है। आयोग को पुरुष वर्ग में 19 विषयों व महिला वर्ग में केवल एक विषय का अधियाचन मिला है। जब तक दोनों वर्गों में सभी 20 विषयों का अधियाचन नहीं मिल जाता, तब तक आयोग नई भर्ती के लिए विज्ञापन जारी नहीं कर सकेगा। वहीं, आरक्षण का निर्धारण होने के बाद परीक्षण की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती (सहायक अध्यापक) का अधियाचन भी अटका है।
दूसरी ओर अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में नई शिक्षक भर्ती शुरू करने के लिए शिक्षा सेवा चयन आयोग के प्रतिनिधि माध्यमिक शिक्षा विभाग के अफसरों के साथ कई बैठकें कर चुके हैं। हर बैठक में माध्यमिक शिक्षा विभाग से अधियाचन भेजने के लिए कहा गया, लेकिन आयोग को अब तक अधियाचन नहीं मिल सका है। सूत्रों के मुताबिक, अशासकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 20,465 व प्रवक्ता के 4384 पद खाली हैं।
सात साल से एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का इंतजार
अभ्यर्थियों को राजकीय विद्यालयों में एलटी ग्रेड शिक्षक (सहायक अध्यापक) भर्ती का सात साल और प्रवक्ता भर्ती का पांच साल से इंतजार है। एलटी ग्रेड शिक्षक के 10,768 पदों पर भर्ती के लिए पिछला विज्ञापन मार्च 2018 में जारी किया गया था। इसके बाद कोई नई भर्ती नहीं आई। वहीं, प्रवक्ता के पदों पर पिछली भर्ती वर्ष 2020 में आई थी।
पुरानी भर्ती को लेकर भी असमंजस
अशासकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक व प्रवक्ता के 4163 पदों पर भर्ती को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इस भर्ती का विज्ञापन वर्ष 2022 में जारी किया गया था और तीन साल में सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा दो बार व प्रवक्ता भर्ती परीक्षा तीन बार स्थगित हो चुकी है। परीक्षा की नई तिथि को लेकर अभ्यर्थियों के बीच उहापोह की स्थिति है। इस मसले पर शिक्षा सेवा चयन आयोग ने भी स्थिति स्पष्ट नहीं की है।