डेढ़ घंटे पहले खोल दिए जाएंगे टीईटी के परीक्षा केंद्र
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) रविवार को प्रस्तावित है। कोविड से बचाव के लिए डेढ़ घंटे पहले ही परीक्षा केंद्र के दरवाजे खोल दिए जाएंगे और अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, ताकि भीड़ इकट्ठा न हो।
यूपीटीईटी दो पालियों में प्रस्तावित है। प्रयागराज में पहली पाली में 183 केंद्रों पर 84017 और दूसरी पाली में 132 केंद्रों पर 59895 अभ्यर्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं।अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार की ओर से 12 जनवरी को जारी आदेश में एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र खोलने की बात कही गई थी।
अब कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी अनिल भूषण चतुर्वेदी ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि परीक्षा केंद्रों के दरवाजे डेढ़ घंटे पहले खोल दिए जाएंगे, ताकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। सचिव ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।