इस बार एक लाख प्रवेश का लक्ष्य
कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने बताया कि सत्र जुलाई 2023-24 में कुल 71 हजार प्रवेश हुए थे और जनवरी सत्र में एक लाख का आंकड़ा पार करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रोफेसर सिंह ने बताया कि ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रवेश पोर्टल पर आवश्यक सुधार किए गए हैं, जिससे प्रवेशार्थी आसानी से सभी प्रविष्टियां पूरी कर सकें।
मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शुरू
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की सत्र दिसंबर-2023 की परीक्षाएं प्रदेश के 163 केंद्रों पर मंगलवार से शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गईं। परीक्षा में लगभग 60 हजार परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। पहले दिन डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट आदि कार्यक्रमों की परीक्षाएं आयोजित की गईं। परीक्षा नियंत्रक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षाएं आठ फरवरी तक दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर एक और अपराह्न दो से शाम पांच बजे तक संचालित की जाएंगी। कुलपति प्रो.सीमा सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर सर्दी से बचाव के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।