बेलहाबाध गांव के सामने रेलवे अंडरपास का निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रेलवे अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई और जल्द अंडरपास निर्माण की मांग उठाई।
ग्रामीणों का आरोप है कि वाराणसी-प्रयागराज रेलवे मार्ग के दोहरीकरण का कार्य बीते चार वर्षों से चल रहा है। दोहरीकरण कार्य शुरू होने के दौरान ही ग्रामीणों ने यहां आवागमन की सुविधा बनाए रखने के लिए रेलवे अंडरपास निर्माण की मांग की थी। उस समय रेलवे अधिकारियों ने अंडरपास बनवाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन अब दोहरीकरण का कार्य लगभग पूरा होने को है और अंडरपास का निर्माण अभी तक शुरू नहीं कराया गया है।
इससे नाराज ग्रामीण सोमवार को बड़ी संख्या में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे और रेलवे विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल अंडरपास निर्माण शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि बेलहाबाध गांव के सामने अंडरपास बनने से भोगवारा, वरुण बाजार, सराय हरीराम, उग्रसेनपुर, खोजापुर, लतीफपुर सहित आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। विरोध प्रदर्शन के दौरान धर्मेंद्र शुक्ला, बब्बे यादव, हरिश्चंद्र यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य लाल बहादुर यादव, अमित कुमार, अरुण शुक्ला, शोभनाथ पाल, धर्मराज पाल, ज्ञानचंद पाल, लालमणि, छोटेलाल, भोला पटेल तथा ग्राम प्रधान मंजू देवी आदि मौजूद रहे।