फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वैक्सीन की दूसरी डोज के लिए सेंटरों पर हंगामा, पोर्टल ने दिया जवाब तो सैकड़ों लौटे

Tue, 18 May 2021 12:53 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

  • सामाजिक दूरी का भी नहीं हो सका अनुपालन, जमा रही भारी भीड़
  • शहर में सेंटर नहीं मिला तो ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर लगावाया टीका
  • दूसरे जिलों से भी पहुंचे लोग, जमकर हुआ हंगामा, कोवैक्सीन की जगह कई को लगी कोविशील्ड 
विज्ञापन
prayagraj news : मेडिकल कॉलेज में वैक्सीनेशन के लिए कतार में खड़े लोग। - फोटो : prayagraj
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोविशील्ड की दूसरी डोज लगवाने को लेकर सोमवार को टीकाकरण केंद्रों पर जमकर हंगामा हुआ। पोर्टल ने भी छह हफ्ते में दूसरी डोज लगाने को लेकर आवेदन को स्वीकार ही नहीं किया। इससे सेंटर्स पर पहुंचे बड़े-बूढ़े लोगों को परेशानी हुई और उन्हें बिना टीका लगवाए ही मायूस लौटना पड़ा। हालांकि जो लोग कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने पहुंचे, उनको निराश नहीं होना पड़ा। उधर, टीके की प्रथम डोज लगवाने को लेकर भी केंद्रों पर भीड़ नजर आई।

विज्ञापन


इसकी वजह से सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ीं। मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से लेकर कॉल्विन, डफरिन, दारागंज पीएचसी सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भीड़ देखी गई। दूसरे जिले से भी लोग टीका लगवाने पहुंचे थे। शहरों में सेंटर न मिलने से शहरी ग्रामीण इलाकों के सेंटर्स पर टीका लगवाया। जबकि, ग्रामीणों में इसका उत्साह बहुत ही कम देखा गया। कई सेंटरों से यह भी शिकायतें सामने आईं कि रजिस्ट्रेशन कोवैक्सीन का हुआ लेकिन कोविशील्ड लगा दिया गया। कोविशील्ड जिन्हें लगी, उन्हें दूसरे टीके की डोज के लिए 12 से 16 हफ्ते का समय दिया गया। जबकि कोवैक्सीन की दूसरी डोज के लिए 28 दिन का समय आवंटित किया गया।

Trending Videos

prayagraj news : मेडिकल कालेज में टीकाकरण के लिए जुटे लोग। - फोटो : prayagraj
सोमवार को जैसे ही टीकाकरण शुरू हुआ। पहली डोज लगवाने वालों के साथ दूसरी डोज के लिए लोग लाइन लगाए खड़े हो गए। उनका विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाने लगा लेकिन पोर्टल ने उसे स्वीकार ही नहीं किया। इससे घंटों लाइन लगाए लोग आगबबूला हो गए और हंगामा करने लगे। मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय, कॉल्विन, डफरिन, एमडीआई, बेली, दारागंज पीएचसी, नैनी, फाफामऊ केंद्र सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्थिति गंभीर हो गई। लोग सामाजिक दूरी का पालन करना भूल गए और एक-दूसरे से सटकर खड़े हो गए।
विज्ञापन

prayagraj news : मेडिकल कॉलेज में वैक्सीनेशन के लिए कतार में खड़े लोग। - फोटो : prayagraj
लोग केंद्र प्रभारियों से पूछताछ करने लगे। किसी के पास कोई जवाब ही नहीं। लोगों ने सीएमओ से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों तक से संपर्क किया लेकिन उन्हें कोई माकूल जवाब नहीं मिला। बाद में उन्हें बताया कि कोविशील्ड की दूसरी डोज 12 हफ्ते बाद लगवाइएगा। इससे मायूस बड़े-बुजुर्ग सेंटर से बिना टीका लगवाए ही लौट गए। अकेले मेडिकल कॉलेज से ही दो सौ से अधिक लोग लौटें होंगे। इसी तरह कॉल्विन, डफरिन सहित अन्य सेंटर्स का भी हाल रहा। टीकाकरण प्रभारियों को शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बुलाना पड़ा। उसके बाद टीकाकरण शांति से हो सका। 

युवाओं की संख्या अधिक होने से टीकाकरण सेंटर्स पर बढ़ी भीड़

कोरोना वैक्सीन लगाने को लेकर सोमवार से टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। सोमवार को 18 वर्ष से लेकर 44 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों को 39 सत्रों पर टीका लगाया गया। इससे केंद्रों पर भारी भीड़ जमा रही। केंद्रों पर सुबह से ही लंबी-लंबी लाइनें लगी तो देर शाम चलती रहीं। टीकाकरण सुबह नौ बजे से शुरू हुुआ था। शहर कें सेंटरों पर स्लाट न मिलने से बहुत से शहरी ग्रामीण इलाकों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे और वहां पर टीका लगवाया। बहरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अमरेश वर्मा ने बताया कि सोमवार को शहर के बहुत से लोगों ने बहरिया सीएचसी पर टीका लगवाया है। उधर, कुछ लोग भदोही जिले से भी यहां टीका लगवाने पहुंचे थे। टीकाकरण सेंटर्स पर युवाओं की संख्या अधिक होने से भीड़ और दिनों के मुकाबले अधिक नजर आई। हालांकि, 45 से अधिक उम्र वाले लोगों के लिए पहले की भांति 98 सेंटरों पर टीकाकरण किया गया। 

अब 12 हफ्ते बाद लगेगी दूसरी डोज

कोविशील्ड की दूसरी डोज अब 12 हफ्ते बाद लगेगी। सोमवार को टीकाकरण सेंटर्स पर हुए बवाल को देखते हुए सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय ने इस संबंध में विज्ञप्ति जारी की और बताया कि प्रदेश सरकार और वैज्ञानिक शोध के आधार पर कोरोना टीकाकरण में प्रयुक्त हो रही कोविशील्ड की दूसरी डोज पहले डोज की तिथि से 12 से 16 हफ्ते के बीच दिया जाएगा। इसलिए जिन लोगों को कोविशील्ड की पहली डोज लग चुकी है वे अब दूसरी डोज के लिए 12 हफ्ते बाद ही टीकाकरण केंद्रों पर जाएं। उसके पहले जाने की जरूरत नहीं है। एसीएमओ डॉ. तीरथ लाल ने बताया कि सोमवार से इस व्यवस्था को पोर्टल पर भी एप्लाई कर दिया गया है। इससे पोर्टल पर 12 हफ्ते से पहले दूसरी डोज के लिए किए गए आवेदन स्वीकार ही नहीं होंगे। 

9920 लोगों को लगा कोरोना का टीका

सोमवार को टीकाकरण केंद्र बढ़ने से जिले में टीका लगवाने वालों की संख्या भी बढ़ गई। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को जिले में कुल 9920 लोगों को कोरोना का टीका लगा। इसमें 9418 लोगों को टीके की पहली डोज और 502 लोगों को दूसरी डोज लगी। एसीएमओ डॉ. तीरथ लाल ने बताया कि विभाग का रोजाना नौ हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। उसके लिए पर्याप्त मात्रा में टीका उपलब्ध है। कुल 73 हजार डोज उपलब्ध है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें