उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) इस माह दो बड़ी परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने की तैयारी में है। इनमें पीसीएस-जे की मुख्य परीक्षा और पीसीएस-2018 की प्रारंभिक परीक्षा शामिल है। आयोग को किसी भी दशा में पीसीएस-जे का अंतिम चयन परिणाम मई तक जारी करना है, क्योंकि आयोग ने इस बाबत सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दे रखा है।
पीसीएस-जे 2018 के तहत 610 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा पिछले साल 16 दिसंबर को प्रयागराज, लखनऊ, मेरठ और आगरा के 141 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। प्रारंभिक परीक्षा के लिए 64691 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे और परीक्षा में 38209 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम पांच जनवरी को जारी किया गया था और इसमें 6041 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए सफल घोषित किया गया। मुख्य परीक्षा हो चुकी है और आयोग इसी माह मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित करने की तैयारी में है। आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दे रखा है कि मई तक अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। ऐसे में आयोग को अप्रैल तक इंटरव्यू करा लेना होगा।
उधर, आयोग पीसीएस-2018 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम भी घोषित करने की तैयारी में है। पीसीएस के 831 पदों पर भर्ती के लिए प्रांरभिक परीक्षा पिछले साल 28 अक्तूबर को आयोजित की गई थी। आयोग इस परीक्षा की उत्तरकुंजी जारी कर आपत्तियां भी ले चुका है। अब प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम का इंतजार है। आयोग के सूत्रों का कहना है कि कोई बड़ी बाधा नहीं आई तो इस माह प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।