पहली बार प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा के माध्यम से होगा चयन
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती पहली बार प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा के माध्यम से होगी। इससे पहले आयोग ने मार्च, 2018 में इस भर्ती का विज्ञापन जारी किया था और चयन प्रक्रिया एकल परीक्षा के माध्यम से पूरी की थी, जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे। एकल परीक्षा में अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों के आधार पर चयनितों की मेरिट बनाई गई थी। अब वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय प्रश्न की प्रारंभिक परीक्षा अभ्यर्थियों की छंटनी के लिए होगी। इसके बाद मुख्य परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
आयोग की सलाह, ओटीआर की प्रक्रिया पूरी कर लें अभ्यर्थी
आयोग के सचिव ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि ओटीआर आधारित आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। बिना ओटीआर नंबर के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
इससे पहले 10 हजार से अधिक पदों पर हुई थी भर्ती
आयोग ने पिछला विज्ञापन मार्च, 2018 में 15 विषयों में एलटी ग्रेड शिक्षक के 10768 पदों पर भर्ती के लिए जारी किया था। हालांकि, कई विषयों में अर्हता का विवाद होने के कारण इस भर्ती की चयन प्रक्रिया काफी देर से पूरी हुई।
अर्हता और आरक्षण के निर्धारण के बाद दूर हुई बाधा
एलटी ग्रेड शिक्षक के पदों पर नई भर्ती शुरू करने में समकक्ष अर्हता व आरक्षण का पेच फंसा था। अर्हता संबंधी नई नियमावली जारी होने के बाद उसमें से समकक्ष शब्द को हटा दिया गया। ऐसे में अर्हता का विवाद तो दूर हो गया, लेकिन विषयवार आरक्षण निर्धारित न होने के कारण आयोग ने पूर्व में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से भेजा गया अधियाचन वापस कर दिया था। निदेशालय की ओर से विषयवार आरक्षण का निर्धारण करने के बाद दोबारा अधियाचन भेजे जाने पर आयोग ने अब नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है।