हालांकि, इस वक्त आयोग के सामने पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2024 और आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा-2023 कराने की चुनौती है और दोनों ही परीक्षाएं दिसंबर में प्रस्तावित हैं। ऐसे में सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा अब अगले वर्ष ही कराई जा सकेगी, लेकिन इस भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सकती है। अभ्यर्थी भी तीन साल से इस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं।
इससे पूर्व आयोग ने अगस्त-2021 में सहायक अभियंता के 283 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था, जिसमें सामान्य चयन के 271 पद और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में विशेष चयन के 12 पद शामिल थे। भर्ती के लिए 92,787 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए थे, जिनकी लिखित परीक्षा 29 मई 2022 को आयोजित की गई थी।
वर्ष 2021 के विज्ञापन के तहत लोक निर्माण विभाग, आवास एवं शहरी नियोजन, नगर विकास विभाग, कृषि विभाग, आवास एवं विकास परिषद, भूगर्भ जल विभाग, लघु सिंचाई विभाग, औद्योगिक विकास विभाग, गृह (पुलिस) विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में भर्तियां हुई थीं। इस बार भी इनमें से ज्यादातर विभागों में भर्तियां होने की उम्मीद है।