Prayagraj News : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, यूपीपीएससी।
- फोटो : प्रयागराज
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से आयोजित की जाने वाली ज्यादातर भर्ती परीक्षाओं में अर्हता का पेच फंसा हुआ है। भर्तियां समय से शुरू नहीं हो पा रहीं हैं और इसके इंतजार में अभ्यर्थी ओवरएज रहे हैं। आयोग को एलटी ग्रेड शिक्षक के पांच हजार से अधिक पदों का अधियाचन मिल चुका है, लेकिन भर्ती महीनों से फंसी हुई है।
समकक्ष अर्हता पर स्थिति स्पष्ट न होने के कारण आयोग ने विभिन्न विषयों से संबंधित अर्हता स्पष्ट करने के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को पत्र लिखा है। निदेशालय से आयोग को अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। अर्हता स्पष्ट होने के बाद ही आयोग भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा।
एलटी ग्रेड शिक्षक की पिछली भर्ती का विज्ञापन वर्ष 2018 में जारी किया गया था। उस वक्त 10768 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। अर्हता के विवाद के कारण हजारों पद खाली रह गए थे। चार साल बाद भी नई भर्ती शुरू नहीं हुई। अभ्यर्थी नई भर्ती के इंतजार में ओवरएज हुए जा रहे हैं।