यूपीपीएससी ने इस साल 10 जनवरी को परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी किया था,, जिनमें 16 परीक्षाएं शामिल थीं। इसके अलावा तीन मई को आरओ/एआरओ-2016 की प्रारंभिक परीक्षा भी प्रस्तावित थी, जो आयोग के कैलेंडर में पहले से शामिल नहीं थी।
इस तरह वर्ष 2020 में कुल 17 परीक्षाएं प्रस्तावित थीं। कैलेंडर में 23 फरवरी तक शामिल पांच परीक्षाएं आयोग ने करा दीं थीं। इसके बाद कोविड-19 के कारण आयोग को 21 जून तक विभिन्न तिथियों में प्रस्तावित सात परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ीं।
इनमें बीईओ-2019 की प्रारंभिक परीक्षा, पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा, पीसीएस-2020 एवं एसीएफ/आरएफओ-2020 की प्रारंभिक परीक्षा, आरओ/एआरओ-2016 की प्रारंभिक परीक्षा, कंप्यूटर सहायक (उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग) परीक्षा-2019, सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ)-2018 की मुख्य परीक्षा, सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2019 शामिल थीं। इस तरह आयोग को वर्ष 2020 में कुल 12 परीक्षाएं करानी शेष रह गईं हैं।
संशोधित कैलेंडर में समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ)-2016 की मुख्य परीक्षा को भी शामिल किया गया है और आयोग ने इन 13 परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया है। इनमें इस साल जुलाई, अगस्त, सितंबर, नवंबर एवं दिसंबर में दो-दो और अक्तूबर में एक परीक्षा होगी। वहीं, अगले साल जनवरी एवं फरवरी में एक-एक परीक्षा होगी।