अगर एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती या प्रवक्ता भर्ती के लिए आवेदनों की संख्या 11 लाख तक पहुंची है या इससे ऊपर जाती है तो आयोग की किसी भी परीक्षा में आवेदनों की संख्या का नया रिकॉर्ड होगा। इससे पहले आरओ/एआरओ परीक्षा के लिए 1069007 आवेदन आए थे। आयोग के सूत्रों का कहना है कि एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती में आवेदनों की संख्या नया रिकॉर्ड बना सकती है। क्योंकि, यह भर्ती सात साल बाद आई है और इसमें पदों की संख्या भी अधिक है।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का विज्ञापन जारी होते ही बढ़ेंगे ओटीआर
आयोग की वेबसाइट पर ओटीआर की संख्या अभी और बढ़ेगी। एलटी ग्रेड व प्रवक्ता भर्ती के लिए रोज हजारों की संख्या में ओटीआर हो रहे हैं। आयोग जल्द राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर सकता है। आयोग की किसी भी परीक्षा के लिए ओटीआर जरूरी है। ऐसे में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद ओटीआर की संख्या काफी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।