सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार ने डीएम व कप्तान के बड़े पैमाने पर फेरबदल के बाद रविवार को जिलों की पूरी प्रशासनिक मशीनरी को ताश के पत्तों की तरह फेंट दिया। शासन ने एकमुश्त 222 वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें राज्य लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक प्रभुनाथ भी हटा दिए गए हैं। उन्हें गोरखपुर का मुख्य राजस्व अधिकारी बनाया गया है। आयोग की परीक्षाओं में अनियमितता को लेकर प्रतियोगी इनके खिलाफ लगातार आंदोलनरत रहे हैं। इनके अलावा आयोग में संयुक्त सचिव कुंज बिहारी अग्रवाल का भी हमीरपुर में एडीएम एफआर के पद पर तबादल कर दिया गया है।
नई सरकार आने के बाद भी प्रशासन में बदलाव न नजर आने की चर्चा के बीच शासन ने बीते 25 मई को जिलों में तैनात 174 उप जिलाधिकारियों के तबादले किए थे। इसके पहले ज्यादातर जिलों के डीएम व कप्तान व अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी इधर से उधर किए जा चुके हैं। अब जिला व मंडलीय प्रशासन में अहम भूमिका निभाने वाले मुख्य विकास अधिकारी, अपर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी आपूर्ति, नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य राजस्व अधिकारी, उप व संयुक्त संचालक चकबंदी, संभागीय खाद्य नियंत्रक तथा नगर निगमों में नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त व विकास प्राधिकरणों के सचिव व उपाध्यक्ष जैसे पदों पर तैनात अधिकारी बदले गए हैं।
तबादले की सूची में इलाहाबाद के नगर आयुक्त और तीन एडीएम समेत कई वरिष्ठ पीसीएस अफसरों के नाम भी शामिल हैं।
नगर आयुक्त शेषमणि पांडेय को बंदायू का सीडीओ बनाया गया है। राज्य सड़क परिवहन निगम के मुख्य प्रबंधक हरिकेश चौरसिया इनकी जगह लेंगे। एडीएम सिटी का तबादला लखनऊ में उप संचालक चंकबंदी केपद पर कर दिया गया है। इनकी जगह आगरा में आरएफसी अतुल सिंह को एडीएम सिटी बनाया गया है। एडीएम एफआर दया शंकर पांडेय का उच्च शिक्षा निदेशालय में संयुक्त निदेशक के पद पर तबादला हुआ है। एडीएम नागरिक आपूर्ति लक्ष्मी शंकर सिंह को मुरादाबाद में एडीएम प्रशासन बनाया गया है। वहीं फैजाबाद में एडीएम प्रशासन चतुर्भुजी गुप्ता को इलाहाबाद में एडीएम नजूल, कानपुर देहात के एडीएम एफआर अमर पाल सिंह को यहां एडीएम नागरिक आपूर्ति बनाया गया है। लखनऊ में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद पर तैनात रवि शंकर गुप्ता को इलाहाबाद में एडीएम एफआर बनाया गया है। इसी क्रम में शासन में विशेष सचिव अखिलेश कुमार को इलाहाबाद मंडल में अपर आयुक्त, आजमगढ़ के एसडीएम गोरे लाल को यहां सीआरओ तथा अमेठी में एसडीएम अशोक कुमार कनौजिया को इलाहाबाद में सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
जालौन में एसडीएम संजय कुमार सिंह की इलाहाबाद नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद तैनाती दी गई है। फैजाबाद में सिटी मजिस्ट्रेट पर तैनात राम नारायण पटेल को कौशाम्बी में एडीएम न्यायिक बनाया गया है। इलाहाबाद में सिटी मजिस्ट्रेट अंबरीश कुमार श्रीवास्तव को गौतमबुद्ध नगर में एडीएम न्यायिक, इलाहाबाद विकास प्राधिकरण में ओएसडी पुष्कर श्रीवास्तव को बहराइच का सीआरओ तथा एसडीएम बारा राजकुमार द्विवेदी को बदायूं में सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है।