सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का रविवार की देर शाम इलाहाबाद पहुंचने पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। यहां शांतिपुरम, फाफामऊ बाजार, तेलियरगंज, नेतराम चौराहा आदि स्थानों पर हुई जनसभा में डिप्टी सीएम ने मोदी सरकार की तीन साल की उपलब्धियों का बखान करने के साथ ही यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को साहसिक निर्णय लेने वाला मुख्यमंत्री बताया। केशव ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ने भ्रष्टाचारियों को सुधर जाने का कड़ा संदेश देते हुए खुद को गरीब जनता की सरकार के रूप में सिद्ध किया है।
प्रतापगढ़ से सड़क मार्ग द्वारा होते हुए इलाहाबाद पहुंचे केशव का रास्ते भर ग्रामीण इलाकों में स्वागत हुआ। शाम को शांतिपुरम में उनकी अगुवाई नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, सुबोध सिंह, आशीष गुप्ता आदि भाजपा पदाधिकारियों ने की। शांतिपुरम, फाफामऊ बाजार, तेलियरगंज, नेतराम चौराहा, मनमोहन पार्क आदि स्थानों पर हुए स्वागत समारोह में उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, कालाधन और आतंकवाद के खिलाफ केंद्र की मोदी सरकार ने सबसे बड़ा कदम उठाते हुए नोटबंदी की। पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादी बंकर नष्ट किए।
इतना ही नहीं पहले म्यांमार और फिर पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक करना केंद्र सरकार के साहसिक निर्णय रहे। परिवारवाद एवं तुष्टीकरण की राजनीति से किनारा करते हुए भाजपा ने यूपी में प्रचंड बहुमत भी प्राप्त किया। केशव ने प्रदेश की योगी सरकार को युवा और प्रदेश का भविष्य संवारने वाली सरकार बताया। इस मौके पर विधायक हर्ष बाजपेयी, भाजपा नेता रमाशंकर शुक्ला, मुरारी लाल अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, संजय गुप्ता, शशि वार्ष्णेय, शिवेंद्र मिश्र, पवन श्रीवास्तव, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रवि केसरवानी, विशाल अग्रवाल, राजू पाठक, अमर वैश्य मुन्ना भइया, राकेश जैन आदि मौजूद रहे।
फूलपुर के सांसद एवं प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को शहर उत्तरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने की मांग रविवार को की गई। भाजपा नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुबोध सिंह ने शांतिपुरम में आयोजित सभा में केशव की मौजूदगी में नारे लगाए कि ‘शहर उत्तरी का नारा है, केशव मौर्य हमारा है’। यह नारा फाफामऊ बाजार, तेलियरगंज आदि स्थानों पर भी लगाया गया। लोगों ने भी इस नारे की कई बार पुनरावृत्ति की।