विशेषज्ञों के पैनल को मिलेगा विस्तार
आयोग के परीक्षा नियंत्रक के अनुसार परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आयोग के पैनल में देश भर से विशिष्ट विशेषज्ञों को शामिल किया जा रहा है। विशेषज्ञों के पैनल को विस्तार देने का प्रयास किया जा रहा है।
पीसीएस-2021 में नए विशेषज्ञ शामिल
परीक्षा प्रक्रिया को गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से ही इस बार पीसीएस-2021 के इंटरव्यू में लब्ध प्रतिष्ठित विशेषज्ञों को शामिल किया गया। पीसीएस के इंटरव्यू में अभी तक पूर्व आईएएस एवं आईपीएस अफसरों को ही शामिल किया जाता था, लेकिन पीसीएस-2021 में बिग्रेडियर स्तर के अधिकारियों, कुलपतियों एवं अन्य विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया, जो अपने-अपने क्षेत्र के धुरंधर माने जाते हैं।
परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार उठ रहे थे सवाल
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा प्रक्रिया पर अभ्यर्थी लगातार सवाल उठ रहे थे। आयोग ने पिछले दिनों जब पीसीएस-2019 और पीसीएस-2020 की संशोधित उत्तरकुंजी एक साथ जारी की थी तो उसमें 38 सवाल गलत होने की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा अन्य परीक्षाओं में भी प्रश्नों के विवाद लगातार सामने आते रहे हैं। अभ्यर्थी कई दिनों से मांग कर रहे थे कि प्रश्नपत्र के निर्माण, मूल्यांकन, मॉडरेशन, इंटरव्यू जैसी प्रक्रिया में शामिल किए जाने वाले विशेषज्ञों के कार्यों की समीक्षा कराई जाए और गलती करने वाले विशेषज्ञों को आयोग के पैनल से बाहर किया जाए।