स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शहर के साथ ही सरकारी स्कूलों को भी स्मार्ट बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब बच्चे स्मार्ट तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे। इसके अंतर्गत स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम तैयार कराए जा रहे हैं। इसमें सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। संगम नगरी प्रयागराज में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत दो फेज में स्कूलों को अभी तक स्मार्ट बनाया गया है। फेज एक और फेज दो में कुल 20 स्कूलों का चयन किया गया है। इसमें इंटर कॉलेज के साथ ही प्राथमिक स्तर के विद्यालय भी शामिल हैं। इन सभी 20 स्कूलों में प्रोजेक्ट के अंतर्गत 326 स्मार्ट क्लास रूम बनाए गए हैं।