प्रवक्ता भर्ती की मुख्य परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी
राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के 124 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा एक मई को लखनऊ में दो पालियों सुबह 9.30 से 11.30 और अपराह्न दो से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा के लिए 1473 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने शनिवार को मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए। परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र के अनुसार अभ्यर्थी अपने रजिस्ट्रेशन नंबर एवं जन्मतिथि के आधार पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर नियत तिथि एवं समय पर दो फोटो और आईडी फ्रूफ की मूल एवं छायाप्रति के साथ परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की स्क्रीनिंग परीक्षा की उत्तरकुंजी जारी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने शनिवार को प्रवक्ता राजकीय डिग्री कॉलेज (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2020 की उत्तरकुंजी जारी कर दी है। राजकीय डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 128 पदों पर भर्ती के लिए यह परीक्षा 15 मार्च 2022 को आयोजित की गई थी। अर्थशास्त्र, इतिहास, उर्दू, अंग्रेजी, गणित, गृहविज्ञान, जंतुविज्ञान, दर्शनशास्त्र, भूगोल, भौतिक विज्ञान, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, राजनीति शास्त्र, वनस्पति विज्ञान, वाणिज्य, शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, संस्कृत एवं हिंदी विषय (सामान्य अध्ययन सहित) की चारों सीरीज (ए, बी, सी, डी) की प्रश्नपुस्तिकाओं की उत्तरकुंजी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र के अनुसार अभ्यर्थी उत्तरकुंजी पर अपनी आपत्ति 30 अप्रैल तक किसी भी कार्यदिवस पर डाक के माध्यम से या आयोग के काउंटर पर शाम पांच बजे तक एक बंद लिफाफे में उपलब्ध करा सकते हैं