प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने 2015 में विज्ञापन संख्या 46 के तहत घोषित असिस्टेंट प्रोफेसर वाणिज्य के 60 पदों का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग की ओर से वाणिज्य के 60 पदों के लिए सामान्य के 10, ओबीसी के 30 एवं एससी के 20 पदों के लिए कुल 311 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया था, साक्षात्कार में कुल 283 अभ्यर्थी शामिल हुए।
आयोग ने साक्षात्कार प्रक्रिया 29 जुलाई से 17 अगस्त के बीच पूरी करने के बाद अंतिम परिणाम शनिवार को जारी कर दिया। 20 मई 2014 को विज्ञापन 46 के तहत घोषित 1652 पदों में 45 विषयों की चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जबकि वाणिज्य की चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। अब आयोग ने इसे पूरा करने के बाद अंतिम परिणाम अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है। आयोग की सचिव वंदना त्रिपाठी ने विज्ञापन संख्या 47 के उद्यानिकी विषय के तीन पदों के लिए साक्षात्कार के लिए 18 अभ्यर्थियों को बुलाया, साक्षात्कार में 17 अभ्यर्थी शामिल हुए। 17 अगस्त को साक्षात्कार पूरा करने के बाद अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया।