प्रयागराज। उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने अशासकीय महाविद्यालयों में मनोविज्ञान विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के छह पदों पर भर्ती के लिए अंतिम चयन परिणाम बृहस्पतिवार को जारी कर दिया। इस तरह आयोग की ओर से अब तक कुल छह विषयों में 26 पदों पर भर्ती का परिणाम घोषित कर दिया गया है।
आयोग ने बृहस्पतिवार को मनोविज्ञान के जिन छह पदों का अंतिम चयन परिणाम जारी किया है, उन पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 31 जुलाई एवं एक अगस्त को आयोजित किया गया। सभी छह पद सामान्य वर्ग के हैं। साक्षात्कार के लिए 39 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था और इनमें से 35 अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल हुए। विज्ञापन संख्या 47 के तहत 35 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों और विज्ञापन संख्या 46 के तहत वाणिज्य विषय के 60 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 29 जुलाई से शुरू कराया जा चुका है।
आयोग की ओर से अब तक मनोविज्ञान समेत कृषि सांख्यिकी, रसायन विज्ञान, गृह विज्ञान, प्राणि विज्ञान एवं कृषि शस्य विभाग विषय का अंतिम चयन परिणाम जारी किया जा चुका है। बृहस्पतिवार को तीन विषयों वाणिज्य, गणित एवं मनोविज्ञान विषय के अभ्यर्थियों के लिए इंटरव्यू आयोजित किया गया। वाणिज्य के लिए 42 एवं गणित के लिए 17 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इसके बाद अब 13 अगस्त को वाणिज्य एवं गणित विषय का साक्षात्कार होगा, जिसके लिए क्रमश: 42 एवं 34 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है।