आयोग को इस हफ्ते मिल सकते हैं नए परीक्षा नियंत्रक
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को एक सप्ताह में नए परीक्षा नियंत्रक मिल सकते हैं। आयोग के गठन के बाद किसी भी स्थायी परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति नहीं हुई है। आयोग के सूत्रों के अनुसार परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आयोग में चार उप सचिवों की नियुक्ति भी होनी है, जिसकी प्रक्रिया चल रही है।
नई शिक्षक भर्ती के लिए धरना जारी
शिक्षा सेवा चयन आयोग पर प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती शुरू करने का दबाव बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर डीएलएड-बीटीसी अभ्यर्थियों का धरना लगातार तीसरे दिन शनिवार को सिविल लाइंस में पत्थर गिरजाघर के पास जारी रहा। शाम को मूसलाधार बारिश में भी अभ्यर्थी धरने पर बैठे रहे।
डीएलएड-बीटीसी संघ के अध्यक्ष विनोद पटेल का कहना है कि अगर एक सप्ताह में प्राथमिक शिक्षकों के रिक्त पड़े 78 हजारों पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन और नया कैलेंडर जारी नहीं किया जाता है तो शिक्षा सेवा चयन आयोग में धरना शुरू कर दिया जाएगा। यह तब तक जारी रहेगा, जब तक अभ्यर्थियों को राहत नहीं मिलती। धरने में रजत सिंह, राहुल यादव, ज्ञानेंद्र वर्मा, मोहम्मद अफसर, लवकुश मौर्य, सुनील यादव, अवनीश यदुवंशी, सुशील यादव, तेज प्रताप आदि शामिल रहे।