उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी)-2026 की तिथियां घोषित कर दी हैं। परीक्षा दो, तीन और चार जुलाई को दो-दो पालियों में होंगी। इसके लिए प्रदेश के 60 जिलों में 955 केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थी 30 जून से आयोग की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
आयोग के उप सचिव संजय सिंह ने कार्यक्रम जारी किया है। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चलेगी। द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक होगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध लिंक से परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना देख सकते हैं।
-
दो जुलाई को उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षाएं
दो जुलाई को उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) की परीक्षाएं दोनों पालियों में होंगी। तीन जुलाई को प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। इसी दिन द्वितीय पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) की परीक्षा होगी। चार जुलाई को केवल एक पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी।
-
सेवारत शिक्षकों के लिए अवकाश की मांग
उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनिल यादव ने विशेष अवकाश की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह शिक्षक पात्रता परीक्षा तीन कार्य दिवसों में होनी है। इस बार आम अभ्यर्थियों के साथ एक सितंबर के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से प्रभावित 1.86 लाख सेवारत शिक्षकों ने भी आवेदन किया है। ऐसे में शासन सेवारत शिक्षकों को परीक्षा में शामिल होने के लिए एक दिन का विशेष अवकाश स्वीकृत करे।